📅 Wednesday, 18 November 2026 | 11:42 PM IST
लाइव सेंसेक्स: 82,031.81 ▼ -72.99 (-0.09%) • निफ्टी 50: 25,227.95 ▼ -63.15 (-0.25%) • 🪙 सोना 24K (10g): ₹129,940 • 🥈 चांदी (1kg): ₹164,000 • ☀️ उज्जैन: 20°C (साफ आसमान)
मध्य प्रदेश

बुरहानपुर के 8 शासकीय विद्यालयों की बदलेगी तस्वीर, 10.38 करोड़ के विकास कार्यों को प्रशासकीय स्वीकृति-अर्चना चिटनिस

📅 17 November 2026, 10:28 PM • ✍️ Rahat Baig • ⏱️ 5 मिनट में पढ़ें
शेयर करें:
WhatsApp Facebook Twitter Telegram Instagram
बुरहानपुर के 8 शासकीय विद्यालयों की बदलेगी तस्वीर, 10.38 करोड़ के विकास कार्यों को प्रशासकीय स्वीकृति-अर्चना चिटनिस
बुरहानपुर के 8 शासकीय विद्यालयों की बदलेगी तस्वीर, 10.38 करोड़ के विकास कार्यों को प्रशासकीय स्वीकृति-अर्चना चिटनिस

Rahat Baig

बुरहानपुर. जिले के शासकीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) के प्रयासों से बुरहानपुर जिले के 8 शासकीय विद्यालयों में विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों के लिए 10 करोड़ 38 लाख 4 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हुई है। इस राशि से विद्यालयों में आवश्यक शैक्षणिक अधोसंरचना का विस्तार किया जाएगा।

स्वीकृत कार्यों में प्रयोगशालाओं, अतिरिक्त कक्षों एवं शौचालयों का निर्माण शामिल है। इन सुविधाओं के विकसित होने से विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा। विशेष रूप से प्रयोगशालाओं के निर्माण से विद्यार्थियों को विषयों का प्रायोगिक ज्ञान प्राप्त करने के अवसर मिलेंगे, वहीं अतिरिक्त कक्षों से शिक्षण व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी। प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त करने वाले विद्यालयों में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बोरसर, चापोरा, दापोरा, जसोंदी, लोनी, शासकीय उच्चतर माध्यमिक कन्या शाला सिंधीपुरा तथा शासकीय हाईस्कूल आदिलपुरा एवं शनवारा शामिल हैं।

विद्यालयवार स्वीकृत राशि में बोरसर के लिए 1 करोड़ 32 लाख 11 हजार रुपए, चापोरा के लिए 1 करोड़ 33 लाख 52 हजार रुपए, दापोरा के लिए 1 करोड़ 81 लाख 75 हजार रुपए, जसोंदी के लिए 1 करोड़ 33 लाख 52 हजार रुपए, लोनी के लिए 1 करोड़ 55 लाख 54 हजार रुपए, सिंधीपुरा कन्या विद्यालय के लिए 1 करोड़ 17 लाख 8 हजार रुपए, आदिलपुरा के लिए 53 लाख 6 हजार रुपए तथा शनवारा के लिए 1 करोड़ 31 लाख 46 हजार रुपए स्वीकृत हुए हैं।

श्रीमती अर्चना चिटनिस ने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज और क्षेत्र के विकास का सबसे महत्वपूर्ण आधार है। हमारा संकल्प है कि बुरहानपुर के शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को भी बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं और आधुनिक संसाधन उपलब्ध हों। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ प्रयोगात्मक ज्ञान प्राप्त करने के पर्याप्त अवसर मिलें, इसके लिए विद्यालयों की अधोसंरचना को मजबूत बनाना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि जिले के कुछ अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में भी शासकीय विद्यालयों में अतिरिक्त सुविधाओं और अधोसंरचना की आवश्यकता है। ऐसे विद्यालयों में विकास कार्यों की स्वीकृति प्राप्त कराने के लिए भी प्रयास निरंतर जारी हैं। उम्मीद है कि इन विद्यालयों के लिए भी अतिशीघ्र स्वीकृति प्राप्त होगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

श्रीमती चिटनिस ने कहा कि बुरहानपुर के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की सुविधाओं का विस्तार और विद्यालयों की अधोसंरचना को सुदृढ़ करना उनकी प्राथमिकता है। नई पीढ़ी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक संसाधन और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।

📲

पालीवाल वाणी WhatsApp चैनल से जुड़ें

ताज़ा ब्रेकिंग न्यूज़ और समाज के सभी समाचार सबसे पहले अपने फोन पर पाएं।

चैनल से जुड़ें →

संबंधित खबरें

सभी देखें →
WhatsApp WhatsApp चैनल