मध्य प्रदेश
विकास कार्यों को मिली नई गति, अर्चना चिटनिस ने विभिन्न कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
paliwalwani
Rahat Baig
बुरहानपुर. विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अर्चना चिटनिस (दीदी) ने बुरहानपुर की अटल विहार कॉलोनी, गोकुलधाम कॉलोनी एवं पन्ना साईं नगर में विभिन्न विकास कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रमों में सहभागिता की। इस दौरान विकास, जनसहभागिता, सामाजिक जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण का सुंदर समन्वय देखने को मिला।

कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा, वरिष्ठजन एवं क्षेत्रवासी शामिल हुए। विभिन्न स्थानों पर मंदिरों के सौंदर्यीकरण, कायाकल्प एवं जनसुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों का शुभारंभ एवं लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बुरहानपुर की गोकुलधाम कॉलोनी स्थित पीपलेश्वर महादेव मंदिर से हुई, जहां लगभग 2 लाख रुपए की लागत से किए गए सौंदर्यीकरण कार्यों का लोकार्पण संपन्न हुआ।

मंदिर परिसर में किए गए कार्यों के अंतर्गत परिसर को अधिक स्वच्छ, आकर्षक एवं व्यवस्थित बनाया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर वातावरण प्राप्त होगा। इस अवसर पर पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन कर क्षेत्रवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की गई। इसके पश्चात अटल विहार कॉलोनी स्थित शिव मंदिर में लगभग 3 लाख रुपए की लागत से होने वाले कायाकल्प एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का भूमिपूजन वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ।

प्रस्तावित कार्यों में मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण, श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था, परिसर विकास एवं अन्य जनसुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। भूमिपूजन के दौरान “हर हर महादेव” के जयघोष से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। इसी क्रम में लोधीपुरा अंतर्गत पन्ना साईं नगर में आयोजित सिद्धेश्वर महादेव पंचमुखी हनुमान मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव में भी सहभागिता की गई।

यहां विधायक विशेष निधि से लगभग 4 लाख रुपए की लागत से किए गए विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ भव्य आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। आयोजन के दौरान भंडारे में प्रसादी ग्रहण कर श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों से आत्मीय संवाद भी किया गया।
कार्यक्रमों के दौरान श्रीमती अर्चना चिटनिस ने क्षेत्रवासियों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सिंगल यूज प्लॉस्टिक का उपयोग बंद करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक से बनी थैली, चम्मच, कटोरी, ग्लास एवं अन्य सामग्री का उपयोग नहीं करे।

क्योंकि यह पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य दोनों के लिए हानिकारक है। साथ ही नागरिकों से अपने घरों, कॉलोनियों एवं सार्वजनिक स्थानों के आसपास अधिक से अधिक पौधारोपण करने का आग्रह किया गया। विशेष रूप से फलदार एवं छायादार पौधे लगाने पर जोर देते हुए कहा गया कि पौधारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढि़यों के सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी भी है।
इस अवसर पर संभाजीराव सगरे, रुद्रेश्वर एंडोले, सरपंच अब्दुल शाहिद, अमोल यादव, दीपक महाजन, आकाश राखुंडे, चिंटू राठौर, रूपेश लिहनकर, योगेश महाजन, अंकित व्यास, रामकुमार गुप्ता, अशोक किनगे, पवन पाटिल, ओम हरि, सुनील भावसार, भजनलाल शक्केवार, नंदू बारी, संतोष ठाकुर, हेमंत भुजवल, भालदे सर, निखार सर एवं महेंद्र पाटिल सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रमों के दौरान क्षेत्र में विकास और सामाजिक जागरूकता का सकारात्मक वातावरण देखने को मिला। क्षेत्रवासियों ने विकास कार्यों एवं मंदिरों के सौंदर्यीकरण के लिए आभार व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया।






