मध्य प्रदेश कांग्रेस के लिए ‘नाथ परिवार’ का साथ जरूरी है…सियासी गलियारों में चर्चा का विषय
भोपाल. पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के पुत्र और पूर्व सांसद नकुलनाथ द्वारा भोपाल में दीपावली मिलन समारोह का आयोजन सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है। कांग्रेस में जिस तरह नकुलनाथ का स्वागत किया गया और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित सभी दिग्गज नकुलनाथ के साथ खड़े दिखाई दिए, उसे कांग्रेस के आगामी समय के लिए एक अच्छे सन्देश के रूप में देखा जा सकता है।
कांग्रेस में गुटबाजी जैसी चर्चा बहुत विशेष नहीं मानी जा सकती क्योंकि यह सभी को मालूम है कि अलग-अलग शक्ति केंद्र ही मिलकर कांग्रेस को मजबूत बनाते हैं। ऐसे में 2028 विधानसभा चुनाव से करीब दो साल पहले यदि समूची कांग्रेस नकुलनाथ के साथ मजबूती के संग खड़ी नजर आती है तो इसे कांग्रेस की सेहत के लिए अच्छा माना जा सकता है।
भोपाल पहुंचे कांग्रेस नेता नकुलनाथ ने दीपावली मिलन के अवसर पर कहा, “आज कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का जो प्यार मुझे मिला और उनमें जो उत्साह देखने को मिला, उससे मुझे बहुत बड़ी खुशी हुई और मुझे पूरा विश्वास है कि कमलनाथ जी को भी बहुत खुशी होगी। और मैं बताना चाहता हूं कि जब से कमलनाथ जी मुख्यमंत्री बने, हर साल 18 नवंबर को वह अपना जन्मदिन यहीं सिविल लाइंस में मनाते थे। इस साल वह नहीं आ पाए, उन्होंने मुझे भेजा और मुझे यह अवसर भी मिला कि मैं प्रदेश भर के कार्यकर्ताओं से मिलूं…।”
सबसे बड़ी बात यही है कि कमलनाथ के सरकारी आवास पर आयोजित कार्यक्रम में दीपावली मिलन, पंडित जवाहरलाल नेहरू जयंती और कमलनाथ के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मंत्री, सांसद, विधायक और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए। एयरपोर्ट पर नकुलनाथ के स्वागत के दौरान समर्थकों ने ‘हमारा सीएम कैसा हो, नकुल भैया जैसा हो’ के नारे भी लगाए। नकुलनाथ ने कहा कि उनका पहला प्यार छिंदवाड़ा है और मुख्यमंत्री पद का फैसला पार्टी करेगी।
नकुलनाथ ने रोशनपुरा पहुंचकर पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी और पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी के साथ सोनिया गांधी की पुस्तक का अनावरण किया। उन्होंने छिंदवाड़ा में विकास कार्यों को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भाजपा सांसद बनने के बाद अब तक वहां एक भी सड़क नहीं बनी। देश में ट्रिपल इंजन की सरकार होने के बावजूद छिंदवाड़ा में विकास कार्य नहीं हुए।
महत्वपूर्ण बात यह भी है कि कार्यक्रम में दिग्विजय सिंह के बेटे जयवर्धन सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने नकुलनाथ की लॉन्चिंग बताए जाने पर भाजपा के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि नकुलनाथ पांच साल तक सांसद रह चुके हैं, ऐसे में उनकी लॉन्चिंग की बात बेमानी है। और यह बात सही भी है। वहीं, कमलनाथ की राजनीतिक विरासत को लेकर पूर्व मंत्री एवं विधायक लखन घनघोरिया ने कहा कि यह स्वाभाविक रूप से नकुलनाथ के हाथ में होगी।
इस पूरे समागम का एक ही निष्कर्ष है कि नकुलनाथ ने मुख्यमंत्री चेहरे पर फैसला पार्टी पर छोड़ा, जबकि जीतू पटवारी ने 2028 का चुनाव एकजुट होकर लड़ने की बात कही। नकुलनाथ की राजनीतिक भूमिका और मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर पूछे गए सवाल पर पटवारी ने कहा कि नकुलनाथ छिंदवाड़ा को अपना पहला प्यार बता रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और सभी नेता मिलकर काम कर रहे हैं। पार्टी 2028 का विधानसभा चुनाव एकजुट होकर लड़ेगी। पटवारी ने नकुलनाथ को कांग्रेस का महत्वपूर्ण नेता बताते हुए सामूहिक नेतृत्व की बात कही।
पीसीसी कार्यालय के बाहर लगे पोस्टरों पर नारा लिखा था कि ‘मध्यप्रदेश की मजबूरी है, नकुलनाथ जरूरी है’।पोस्टरों ने पार्टी के भीतर कोई हलचल पैदा नहीं की बल्कि भाजपा ने इसे अधिक तूल देने की कोशिश की।
गौरतलब है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में नकुलनाथ को छिंदवाड़ा सीट पर भाजपा के विवेक साहू ने पराजित किया था। और अब शायद नाथ परिवार को भी समझ में आ गया है कि एकजुटता के बिना
वह भी पूरे नहीं हैं और मध्य प्रदेश, कांग्रेस, यह समझ गई है कि अब अगर मंच पर सभी कांग्रेस दिग्गज एकजुट नहीं हुए तो आने वाला समय कांग्रेस के लिए अच्छा नहीं माना जा सकता। तो महत्वपूर्ण बात यही है कि नाथ परिवार के कांग्रेस में रहते हुए मध्य प्रदेश कांग्रेस की यह मजबूरी है कि पार्टी की भलाई के लिए नाथ परिवार जरूरी है। इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के साथ कांग्रेस के विधायकों और दिग्गजों की मौजूदगी इस बात पर ही पक्की मुहर लगाती है। और नकुलनाथ ने जिस तरह कहा है कि
इस आयोजन की सफलता से कमलनाथ को खुशी होगी। तो यह हकीकत ही है कि अब समय आ गया है कि कमलनाथ अपनी राजनैतिक विरासत को नकुलनाथ के जरिए ही आगे बढ़ाना चाहते हैं। कमलनाथ और दिग्विजय जैसे कांग्रेस के दो महत्वपूर्ण स्तंभ अब 80 पार हो रहे हैं। ऐसे में दिग्विजय की राजनीतिक विरासत के रूप में जयवर्धन सिंह अपना स्थान बना चुके हैं, लेकिन कमलनाथ की विरासत को मजबूत करने के लिए नकुलनाथ को काफी कुछ करना बाकी है। और 2028 विधानसभा चुनाव के समय अब जयवर्धन-नकुलनाथ जैसे चेहरे ही कांग्रेस की एकजुटता का संदेश देने वाले हैं…।
कौशल किशोर चतुर्वेदी
कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार हैं। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पिछले ढ़ाई दशक से सक्रिय हैं। पांच पुस्तकों व्यंग्य संग्रह “मोटे पतरे सबई तो बिकाऊ हैं”, पुस्तक “द बिगेस्ट अचीवर शिवराज”, ” सबका कमल” और काव्य संग्रह “जीवन राग” के लेखक हैं। वहीं काव्य संग्रह “अष्टछाप के अर्वाचीन कवि” में एक कवि के रूप में शामिल हैं। इन्होंने स्तंभकार के बतौर अपनी विशेष पहचान बनाई है।
वर्तमान में भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र “एलएन स्टार” में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एसीएन भारत न्यूज चैनल में स्टेट हेड, स्वराज एक्सप्रेस नेशनल न्यूज चैनल में मध्यप्रदेश संवाददाता, ईटीवी मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ में संवाददाता रह चुके हैं। प्रिंट मीडिया में दैनिक समाचार पत्र राजस्थान पत्रिका में राजनैतिक एवं प्रशासनिक संवाददाता, भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित अन्य अखबारों के लिए स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर कार्य कर चुके हैं।

पालीवाल वाणी WhatsApp चैनल से जुड़ें
ताज़ा ब्रेकिंग न्यूज़ और समाज के सभी समाचार सबसे पहले अपने फोन पर पाएं।
संबंधित खबरें
सभी देखें →
मध्यप्रदेश के पेंशनर्स को दीपावली पर मिले 5% महंगाई राहत : पेंशनर्स एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री से की मांग