कोली समाज की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक 29 को थाणे महाराष्ट्र में, प्रकाश महावर थाणे के लिए होंगे रवाना : 55 साल का सफर" स्मारिका का होगा विमोचन : बनेगी महत्वपूर्ण दस्तावेज
समाज के गौरवशाली इतिहास और उपलब्धियों का बनेगी महत्वपूर्ण दस्तावेज
इन्दौर. अखिल भारतीय कोली समाज (रजि.), नई दिल्ली के 12वें राष्ट्रीय अधिवेशन की ऐतिहासिक सफलता के बाद अब संगठन के 55 वर्षों के गौरवशाली सफर, उपलब्धियों और सामाजिक गतिविधियों को संकलित कर प्रकाशित स्मारिका ‘55 साल का सफर’ का विमोचन 29 नवम्बर 2026 को महाराष्ट्र के थाणे में आयोजित राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में किया जाएगा।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक एवं विमोचन समारोह में शामिल होने स्मारिका के सम्पादक एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य प्रकाश महावर कोली, अपने सहयोगी साथी दिनेश वर्मा दानिश एवं ईश्वरलाल सनोटिया के साथ शाम 5.00 बजे अवंतिका एक्सप्रेस से थाणे महाराष्ट्र के लिए रवाना होंगे।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक व स्मारिका का विमोचन 29 को
अखिल भारतीय कोली समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र कश्यप की अध्यक्षता में कोली समाज की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक कोली समाज भवन, किशन कोली मार्ग, सिडको बस स्टॉप, चांदनी कोलीवाड़ा, थाणे (महाराष्ट्र) में आयोजित होगी। इसी अवसर पर पूर्व राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद जी को समर्पित स्मारिका का औपचारिक विमोचन किया जाएगा।
लगभग 230 पृष्ठों की यह स्मारिका केवल एक प्रकाशन नहीं, बल्कि कोली समाज के साढ़े पांच दशकों के संगठनात्मक संघर्ष, विकास, उपलब्धियों और सामाजिक चेतना का महत्वपूर्ण ऐतिहासिक दस्तावेज है। इसमें समाज के पारंपरिक एवं पैतृक व्यवसायों, सामाजिक-सांस्कृतिक विरासत, महापुरुषों तथा वीर-वीरांगनाओं के प्रेरणादायी जीवन प्रसंगों को लेखों और दुर्लभ चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को समाज के गौरवशाली अतीत से परिचित कराने के साथ भविष्य के लिए प्रेरित करना है।
स्मारिका के प्रकाशन में नौ सदस्यीय सम्पादक मंडल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसके सम्पादन में इन्दौर के वरिष्ठ पत्रकार एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य तथा कोली समाज के प्रदेश कार्यवाहक अध्यक्ष प्रकाश महावर कोली का विशेष योगदान रहा है। उन्होंने समाज के 55 वर्षों के इतिहास, संगठनात्मक गतिविधियों और उपलब्धियों को एक व्यवस्थित एवं संग्रहणीय स्वरूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 1967 में स्थापित अखिल भारतीय कोली समाज ने पांच दशकों से अधिक की यात्रा में राष्ट्रीय स्तर पर सामाजिक एकता, संगठनात्मक विस्तार और समाज के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास किए हैं। ‘55 साल का सफर’ स्मारिका इसी ऐतिहासिक यात्रा को दस्तावेजी स्वरूप प्रदान करते हुए आने वाली पीढ़ियों के लिए एक प्रेरणास्रोत सिद्ध होगी।
थाणे महाराष्ट्र में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक और स्मारिका विमोचन को संगठन की उपलब्धियों के उत्सव के साथ-साथ भविष्य की सामाजिक एवं संगठनात्मक दिशा तय करने की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
27 नवम्बर को थाणे महाराष्ट्र के रवाना होंगे महावर
थाणे मुम्बई में 29 नवम्बर को होने वाली राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक एवं स्मारिका 55 साल का सफ़र के विमोचन समारोह में हिस्सा लेने स्मारिका के सम्पादक एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य तथा समाज के प्रदेश कार्यवाहक अध्यक्ष प्रकाश महावर कोली अपने सहयोगी साथी दिनेश वर्मा दानिश एवं ईश्वरलाल सनोटिया के साथ 27 नवम्बर को शाम पांच बजे अवंतिका एक्सप्रेस से थाणे मुम्बई के लिए रवाना होंगे। उक्त जानकारी अखिल भारतीय वीरांगना झलकारी महासंघ के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी दीपक रानू मलोरिया एवं गजेन्द्र महावर ने दी।

पालीवाल वाणी WhatsApp चैनल से जुड़ें
ताज़ा ब्रेकिंग न्यूज़ और समाज के सभी समाचार सबसे पहले अपने फोन पर पाएं।
संबंधित खबरें
सभी देखें →
इंदौर के तीन प्रमुख मार्गों पर ई-रिक्शा का आवागमन प्रतिबंधित : पुराना एबी रोड, एमजी रोड और सुपर कॉरिडोर पर लागू होगा प्रतिबंध
कोली समाज की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक 29 को थाणे महाराष्ट्र में, प्रकाश महावर थाणे के लिए होंगे रवाना : 55 साल का सफर" स्मारिका का होगा विमोचन : बनेगी महत्वपूर्ण दस्तावेज