अपराध
चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड का राजस्थान कनेक्शन : सिया-चेतन का खुला राज
paliwalwani
पुणे. (डिजिटल डेस्क) पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में उदयपुर का कनेक्शन सामने आया है। पुणे पुलिस की जांच में राजफाश हुआ है कि मुख्य आरोपित सिया गोयल अपने कथित प्रेमी चेतन चौधरी के साथ उदयपुर आई थी और उस आलीशान रिसार्ट को देखा था, जहां उसके मंगेतर केतन अग्रवाल के साथ डेस्टिनेशन वेडिंग प्रस्तावित थी।
पुलिस अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि कहीं उदयपुर-जोधपुर ट्रिप के दौरान ही हत्या की साजिश की नींव तो नहीं रखी गई थी। पुणे पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि सिया गोयल फरवरी में सगाई से पहले जनवरी में चेतन चौधरी और अपने दोस्तों के साथ पांच दिन के लिए उदयपुर और जोधपुर घूमने आई थी। इसी दौरान सिया को अरावली की वादियों के बीच स्थित अनंता रिसार्ट पसंद आया और उसने बाद में केतन से यहीं शादी करने की इच्छा जताई।
पुलिस के अनुसार, चेतन मूल रूप से जोधपुर जिले का रहने वाला है, जबकि उसका परिवार लंबे समय से पुणे में रह रहा है। पुलिस अब दोनों आरोपितों की मोबाइल लोकेशन, काल डिटेल, डिजिटल साक्ष्य और यात्रा से जुड़े रिकार्ड खंगाल रही है। जांच एजेंसियों को आशंका है कि उदयपुर-जोधपुर प्रवास के दौरान ही दोनों ने केतन अग्रवाल की हत्या की साजिश रची गई थी।
पुलिस रविवार सुबह दोनों आरोपितों सिया अग्रवाल और चेतन चौधरी को पुणे के पास स्थित लोहगढ़ किले में ले गई। वहां क्राइम सीन को रिक्रिएट किया गया। पूछताछ और क्राइम सीन को रिक्रिएट करने पर पता चला है कि चेतन पीछे से आया और अचानक केतन को धक्का दे दिया। इससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह लगभग 300 फीट गहरी खाई में जा गिरा।
डीएसपी लोनावला डिवीजन गजानन टोम्पे ने कहा कि केतन की मंगेतर सिया अग्रवाल के बताए अनुसार हमने लोहगढ़ किले में क्राइम सीन को रिक्रिएट किया। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान एसपी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। बताया गया है कि क्राइम सीन को रिक्रिएट करने के लिए पुलिस फाइबर से बनी एक डमी साथ ले गई थी। इस प्रक्रिया के दौरान सिया ने पुलिस को पूरी साजिश के बारे में बताया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, पूछताछ और घटनाक्रम को फिर से रिक्रिएट करने के दौरान केतन की मंगेतर सिया ने कुबूल किया कि उसने अपने साथी चेतन के साथ मिलकर उसे खत्म करने की साजिश रची थी। साजिश के तहत सिया को लोहगढ़ किले में एक ऊंची जगह पर जाना था और अपने जूते के फीते बांधने का नाटक करना था। जैसे ही वह फीते बांधने के बहाने नीचे झुकती, चेतन को पीछे से केतन के पास जाकर उस पर हमला करना था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना को रिक्रिएट करने पर पता चला कि चेतन कथित तौर पर पीछे से आया और अचानक केतन को धक्का दे दिया, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह लगभग 300 फीट गहरी खाई में जा गिरा। इससे केतन की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने क्राइम सीन को दोबारा दोहराने के दौरान सिया के कथित कुबूलनामे और पूरी घटना को रिक्रिएट करने की प्रक्रिया का वीडियो बनाया है। आगे की जांच इसी आधार पर की जाएगी। इस बीच, जांच में यह भी पता चला है कि दोनों आरोपितों सिया और चेतन ने केतन अग्रवाल की हत्या करने के तरीकों के बारे में गूगल पर सर्च किया था।
समझिए पूरा मामला : विगत 18 जून 2026 को पुणे के पास लोहगढ़ किले से नीचे गिरने से केतन अग्रवाल की मौत हो गई थी। इसके बाद मामला दर्ज किया गया था। केतन की हत्या की जांच कर रही लोनावला ग्रामीण पुलिस को शक है कि मुख्य आरोपित सिया गोयल केतन से शादी नहीं करना चाहती थी। केतन से शादी करने के लिए वह परिवार के दबाव में थी। केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके दोस्त चेतन चौधरी को 23 जून 2026 को गिरफ्तार किया गया था।
आगे की जांच जारी रहने तक उन्हें 29 जून 2026 तक सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया था। घटना के बाद महाराष्ट्र सरकार ने फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाने की मंज़ूरी दी और वरिष्ठ वकील उज्ज्वल निकम को इस मामले में सरकारी वकील नियुक्त किया।
यह फैसला तब लिया गया, जब पीड़ित के पिता ने पुणे में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर इस मामले में जल्द न्याय की अपील की। मुख्यमंत्री ने परिवार को भरोसा दिलाया कि आरोपितों के ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
घटना वाले दिन उपयोग की गई चेतन की मोटरसाइकिल जब्त एएनआई के अनुसार, लोनावला ग्रामीण पुलिस ने आरोपित चेतन चौधरी की मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है। चेतन ने कथित तौर पर पुणे से लोहगढ़ किले तक जाने के लिए इसी मोटरसाइिकल का उपयोग किया था।
इसके अतिरिक्त वह हुडी और हेडफोन भी बरामद किए गए हैं जिसे आरोपित ने घटना वाले दिन पहने थे। मोटरसाइकिल और कपड़ों की फोरेंसिक जांच की गई है। इससे पहले मुख्य आरोपित सिया गोयल के माता-पिता प्रवीण गोयल और पूजा गोयल से घंटों पूछताछ हो चुकी है।





