माध्यमिक विद्यालयों में जल्द कराएं विज्ञान प्रदर्शनी : डीआईओएस

विज्ञापन

5 नवंबर तक विद्यालय स्तरीय प्रदर्शनी कराकर चयनित विद्यार्थियों की सूचना भेजें प्रधानाचार्य

पत्रकार: रिहान अली, फिरोजाबाद

फिरोजाबाद. उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य विज्ञान शिक्षा संस्थान के अंतर्गत माध्यमिक शिक्षा विभाग, फिरोजाबाद के तत्वावधान में 54वीं बाल विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। प्रदर्शनी का आयोजन प्राचार्य एवं उप शिक्षा निदेशक, डायट मुक्तेश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक श्रीमती मुदिता पाण्डेय तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार के निर्देशन एवं सानिध्य में किया जा रहा है।

जिला विद्यालय निरीक्षक श्रीमती मुदिता पाण्डेय ने जनपद के सभी माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने विद्यालयों में शीघ्र विद्यालय स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी आयोजित कराएं। साथ ही, अपने संवर्ग एवं उपविषय के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों की सूचना नोडल अधिकारी अश्वनी कुमार जैन को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

नोडल अधिकारी अश्वनी कुमार जैन ने बताया कि इस वर्ष बाल विज्ञान प्रदर्शनी का मुख्य विषय “सतत एवं विकसित भारत के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार” है। प्रदर्शनी में सात उपविषय निर्धारित किए गए हैं, जिनमें श्रेष्ठतर जीवन के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता, हरित ऊर्जा एवं पर्यावरण संरक्षण, गणितीय मॉडलिंग एवं गणनात्मक सोच, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं सफाई, स्वदेशी कृषि पद्धतियां, ग्रामीण परिवर्तन के लिए विज्ञान तथा आपदा प्रबंधन शामिल हैं।

उन्होंने जनपद के सभी माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों से अपील की है कि वे 5 नवंबर 2026 तक अपने विद्यालयों में विज्ञान प्रदर्शनी आयोजित कराएं। प्रदर्शनी के बाद प्रत्येक संवर्ग एवं उपविषय के अंतर्गत चयनित प्रतिभागियों के नाम और मोबाइल नंबर 9058885668 पर भेजना सुनिश्चित करें, ताकि जनपद स्तरीय बाल विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन समय से कराया जा सके।

विज्ञापन

और पढ़ें...

ये भी पढ़ें...

WhatsApp पर शेयर Facebook