एप डाउनलोड करें

भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुई शिखर प्रतिष्ठा कलशारोहण और ध्वजारोहण, मुनि श्री के सानिध्य में गूँजा विद्या पैलेस

इंदौर Published by: sunil paliwal-Anil Bagora Updated Tue, 24 Mar 2026 11:33 AM
विज्ञापन
Follow Us
विज्ञापन

वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजेश जैन दद्दू 

इंदौर. धर्मनगरी इंदौर के विद्या पैलेस क्षेत्र में कल भक्ति का अनूठा सैलाब उमड़ा। अवसर था श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर की भव्य शिखर प्रतिष्ठा, कलशारोहण और मंगल प्रवेशोत्सव का। परम पूज्य आचार्य श्री विशुद्ध सागर जी आचार्य सुलभ सागरजी महाराज के आशीर्वाद से और श्रुत संवेगी मुनि श्री आदित्य सागरजी महाराज (ससंघ) के मंगल सानिध्य में आयोजित इस महोत्सव ने पूरे क्षेत्र को धर्ममय कर दिया।

धर्म समाज प्रचारक राजेश जैन दद्दू ने बताया कि छोटा बांगड़दा से भव्य शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। जयकारों के साथ जब 5 भगवान (जिनवर) की प्रतिमाओं का रथ निकला, तो भक्तों का उत्साह देखते ही बनता था। श्रावक-श्राविकाएं केसरिया वस्त्रों में नृत्य करते हुए और प्रभु की अगवानी करते हुए चल रहे थे। मार्ग में जगह-जगह समाज जनों ने पाद-प्रक्षालन और आरती कर मुनि श्री एवं जिनवर का स्वागत किया।

सम्पूर्ण आयोजन के लाभार्थी श्री मयंक मयूर मुकेश जी झिरीवाल परिवार, श्री अशोक जी राणा परिवार, श्री राहुल सावला परिवार रहे। शिखर कलश का पुण्यर्जन श्री मयंक मयूर जी झिरीवाल परिवार और ध्वजा की स्थापना का पुण्यर्जन श्री अशोक जी राणा परिवार ने लिया।शोभायात्रा जब वेदांश स्कूल मार्ग से होते हुए विद्या पैलेस जिनालय पहुँची, तो वहाँ का दृश्य भावविभोर करने वाला था। 

चांदी की थालियों से मुनि संघ का पाद प्रक्षालन किया। मुनि श्री आदित्य सागरजी महाराज के मंत्रोच्चार के बीच मंदिर के उत्तुंग शिखर पर कलशारोहण और ध्वजारोहण की मांगलिक क्रियाएं संपन्न हुईं। जैसे ही मंदिर की चोटी पर धर्म ध्वजा लहराई, पूरा परिसर "जय पार्श्वनाथ" और "आदित्य सागर गुरुवर की जय" के नारों से गुंजायमान हो उठा।

मंदिर समिति के महामंत्री मयंक जैन ने बताया कि मंदिर का निर्माण कार्य पूर्ण होने के पश्चात यह ऐतिहासिक पुण्य घड़ी आई है। विधि-विधान के साथ 5 भगवान की प्रतिमाओं को उनके वेदी स्थल पर विराजमान किया गया। इस अवसर पर इंदौर के विभिन्न क्षेत्रों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने मुनि श्री के प्रवचनों का लाभ लिया।

इस अवसर पर दिगंबर जैन सामाजिक संसद के अध्यक्ष आनंद गोधा, राजेश जैन दद्दू नकुल पटौदी,  पिंकेश टोंग्या, टीके वेद, कैलाश वेद, पारस जैन आदि हजारों लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर समिति, विद्या पैलेस ने सभी सहयोगियों और धर्मप्रेमियों का आभार व्यक्त किया।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next