इंदौर. जगद्गुरुत्तम श्री कृपालु जी महाराज की प्रमुख प्रचारिका सुश्री धामेश्वरी देवी द्वारा इंदौर में विशेष आध्यात्मिक प्रवचन श्रृंखला का आयोजन 27 सितंबर से 3 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है. प्रवचन प्रतिदिन शाम 7 से 9 बजे तक दिव्य शक्ति पीठ, MR-10 रोड, BRTS मंदिर परिसर, इंदौर में किया जा रहा है.
प्रवचन में सुश्री धामेश्वरी देवी ने मानव जीवन की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 84 लाख योनियों में मानव देह सर्वश्रेष्ठ है, क्योंकि इसी के माध्यम से जीव ज्ञान प्राप्त कर अपने परम लक्ष्य ईश्वर की प्राप्ति कर सकता है. उन्होंने कहा कि मनुष्य जीवन क्षणभंगुर है, इसलिए इसके प्रत्येक क्षण का सदुपयोग प्रभु-स्मरण और आध्यात्मिक साधना में किया जाना चाहिए.
उन्होंने कहा कि केवल पूजा-पाठ पर्याप्त नहीं, बल्कि गुरु से तत्त्वज्ञान प्राप्त कर यह समझना आवश्यक है कि हम कौन हैं, हमारा लक्ष्य क्या है, भगवान कौन हैं और गुरु कौन हैं. इन सिद्धांतों को समझकर ही साधक ईश्वरीय मार्ग पर आगे बढ़ सकता है.
सुश्री धामेश्वरी देवी बचपन से ही श्रीकृष्ण भक्ति में प्रवृत्त रहीं और 16 वर्ष की आयु में गुरु चरणों में समर्पित होकर सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार के लिए अपना जीवन समर्पित किया है. सात दिवसीय इस प्रवचन श्रृंखला में श्रद्धालुओं से प्रतिदिन शाम 7 से 9 बजे उपस्थित होकर आध्यात्मिक ज्ञान का लाभ लेने का आह्वान किया गया है.