भोपाल.
रविवार रात सड़क किनारे बिजली के खंभे में दौड़ रहे करंट ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दी. एमपी नगर स्थित DB मॉल में परिवार के साथ खरीदारी करने पहुंचे. भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री दिव्यऋषि तिवारी (Divyarishi Tiwari) खंभे के संपर्क में आते ही करंट की चपेट में आ गए. अस्पताल ले जाने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
हादसे में उनकी पत्नी भी करंट की चपेट में आईं, लेकिन वह किसी तरह खुद को बिजली के संपर्क से अलग करने में कामयाब रहीं. शुरुआती जानकारी में खंभे से निकले एक तार के कारण उसमें करंट आने की बात सामने आई है. पुलिस अब जांच कर रही है कि खंभे में बिजली का करंट कैसे पहुंचा और खुले तार के लिए कौन जिम्मेदार है.
जानकारी के मुताबिक, दिव्यऋषि तिवारी रविवार रात परिवार के साथ DB मॉल में खरीदारी करने आए थे. परिवार का वाहन सड़क की दूसरी तरफ खड़ा था. खरीदारी के बाद परिवार के सदस्य सड़क पार कर रहे थे. इसी दौरान दिव्यऋषि ने सड़क किनारे लगे स्ट्रीट लाइट के खंभे को पकड़ लिया. खंभे में पहले से करंट दौड़ रहा था. संपर्क में आते ही उन्हें जोरदार बिजली का झटका लगा. बताया जा रहा है कि खंभे से एक तार बाहर निकला हुआ था और इसी तार की वजह से खंभे में करंट आने की आशंका है.
ट्रैफिक हेड कांस्टेबल जगदीश दांगी के मुताबिक, पुलिसकर्मियों ने दिव्यऋषि तिवारी को मौके पर CPR देने की कोशिश की. इसके बाद उन्हें तत्काल नर्मदा अस्पताल ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए AIIMS ले जाने की सलाह दी. पुलिसकर्मी उन्हें लेकर AIIMS पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दिव्यऋषि तिवारी को मृत घोषित कर दिया. घटना की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया.