● नागरिक भी कर सकते हैं यातायात नियमों के उल्लंघन की शिकायत
● इंदौर ट्रैफिक साथी ऐप में उपलब्ध सुविधाओं एवं शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया की दी गई विस्तृत जानकारी
● रेड लाइट, स्टॉप लाइन, ज़ेबरा क्रॉसिंग, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के प्रति वाहन चालकों को किया जागरूक
अनिल बागोरा-पुलकित पुरोहित
इंदौर. सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से यातायात प्रबंधन पुलिस, नगरीय इंदौर द्वारा निरंतर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस आयुक्त श्री संतोष कुमार सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) श्री आर.के. सिंह तथा पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं यातायात) श्री राजेश कुमार त्रिपाठी के मार्गदर्शन में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, जिला संघ इंदौर के श्री जय गोविंद गोपीनाथ हायर सेकेंडरी स्कूल के स्काउट्स एवं गाइड्स कैडेट्स ने यातायात पुलिस के साथ मिलकर सड़क सुरक्षा जागरूकता एवं यातायात प्रबंधन में सक्रिय सहभागिता की।
● स्काउट्स एवं गाइड्स को दिया यातायात नियमों का व्यावहारिक प्रशिक्षण :- इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात श्री विक्रम सिंह रघुवंशी एवं यातायात थाना प्रभारी श्री अरविंद दांगी की उपस्थिति में यातायात पुलिस की टीम द्वारा कैडेट्स को यातायात संचालन की प्रक्रिया, यातायात संकेतों, ट्रैफिक सिग्नल, स्टॉप लाइन, ज़ेबरा क्रॉसिंग एवं सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में स्काउट मास्टर संदीप सर एवं श्री उत्कर्ष चौधरी भी उपस्थित रहे।
● इंदौर ट्रैफिक साथी ऐप की सुविधाओं को समझने में रही विशेष रुचि :- कार्यक्रम का विशेष आकर्षण स्काउट्स एवं गाइड्स कैडेट्स को इंदौर ट्रैफिक साथी ऐप के बारे में दी गई जानकारी रही। यातायात पुलिस की टीम ने कैडेट्स को बताया कि इस ऐप के माध्यम से आम नागरिक यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में सीधे सहभागी बन सकते हैं। कैडेट्स को ऐप में उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं, यातायात संबंधी शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की शिकायत करने के तरीके के बारे में विस्तार से समझाया गया।
उन्हें बताया गया कि यदि कोई वाहन चालक रेड लाइट का उल्लंघन करता है, गलत दिशा में वाहन चलाता है, नो-पार्किंग में वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करता है अथवा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करता है, तो आम नागरिक इंदौर ट्रैफिक साथी ऐप के माध्यम से इसकी शिकायत यातायात पुलिस तक पहुंचा सकते हैं। प्राप्त शिकायतों का यातायात पुलिस द्वारा परीक्षण एवं सत्यापन किया जाता है।
शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित वाहन चालक के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाती है। इस प्रकार नागरिक स्वयं भी यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित कराने और शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम एवं सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इसके साथ ही कैडेट्स को यातायात पुलिस की ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर 7049107620 के बारे में भी जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के पश्चात कैडेट्स ने पलासिया चौराहे पर ट्रैफिक टीआई श्री अरविंद दांगी की उपस्थिति में यातायात पुलिसकर्मियों के साथ यातायात संचालन में सहयोग किया। इस दौरान उन्होंने वाहन चालकों को रेड लाइट होने पर स्टॉप लाइन के पीछे रुकने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने के लिए जागरूक किया। कैडेट्स ने पैदल यात्रियों को ज़ेबरा क्रॉसिंग से सुरक्षित सड़क पार करने में सहायता की तथा आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता सुगम बनाने में भी सहयोग दिया।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात श्री विक्रम सिंह रघुवंशी ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। यातायात नियमों की अनदेखी दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है। स्काउट्स एवं गाइड्स के कैडेट्स अपने विद्यालयों, परिवारों और समाज के अन्य लोगों को जागरूक कर सड़क सुरक्षा अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।