राजेश बंसल पंप
इंदौर. त्योहारों की खुशियाँ तभी पूरी होती हैं, जब उनका उजाला समाज के हर वर्ग तक पहुँचे। इसी भावना को आत्मसात करते हुए अग्रसेन सेवा संगठन द्वारा शुक्रवार को चौहान नगर, पिपलियाहाना में ‘सार्थक दिवाली’ सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों के साथ दीपावली की खुशियाँ साझा कर सेवा, संवेदना और सामाजिक सरोकार का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महेंद्र हार्डिया, गोपाल गोयल (999) एवं राजेश उदावत उपस्थित रहे। अतिथियों ने संगठन की इस सेवा पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज के जरूरतमंद वर्ग के साथ त्योहार की खुशियाँ साझा करना सराहनीय प्रयास है।
कार्यक्रम के अंतर्गत जरूरतमंद परिवारों की मातृशक्ति को साड़ियों, बच्चों को नए परिधानों तथा परिवारों को फल एवं मिठाई का वितरण किया गया। उपहार प्राप्त कर बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान और महिलाओं की प्रसन्नता ने आयोजन को भावनात्मक एवं यादगार बना दिया।
इस अवसर पर संगठन की संस्थापक शीतल संजय तोड़ीवाला ने कहा कि दीपावली केवल अपने घरों को रोशन करने का पर्व नहीं, बल्कि उन घरों तक भी खुशियों का उजाला पहुँचाने का अवसर है, जहाँ संसाधनों का अभाव है। संगठन का उद्देश्य है कि सेवा और सहयोग के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को त्योहारों की खुशियों से जोड़ा जाए।
अग्रसेन सेवा संगठन के संरक्षक राजेश जी एवं ऊषा जी बंसल (पंप) का संगठन की सेवा गतिविधियों में विशेष मार्गदर्शन एवं प्रेरणादायी योगदान रहा है। उनके निरंतर स्नेह, सहयोग और प्रोत्साहन से संगठन सामाजिक एवं सेवा कार्यों को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ा रहा है। संगठन की प्रत्येक पहल में उनका मार्गदर्शन सदस्यों के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है।
कार्यक्रम में संदीप गोयल, राखी एरन, मनीष गर्ग, विशाल अग्रवाल, अंजू अग्रवाल, मीना सिंघल एवं नागेंद्र सिंघल सहित अनेक गणमान्यजन एवं संगठन के सदस्य उपस्थित रहे। प्रमुख परामर्शदाता प्रेमचंद जी गोयल, समन्वयक सुरेश अग्रवाल एवं बालकिशन अग्रवाल का मार्गदर्शन एवं सहयोग प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम प्रभारी अंजली अग्रवाल, मीना गोयल, रेखा गिरीश तोड़ीवाला एवं लीना बंसल रहे। संयोजक दीप्ती अग्रवाल (D.D.R.) तथा सह-संयोजक पूजा अग्रवाल, पूनम अनिल अग्रवाल, गौतम मोदी, संतोष मित्तल एवं पूनम विवेक गोयल ने आयोजन की व्यवस्थाओं एवं संचालन में सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के समापन पर संगठन की ओर से सेवा कार्य में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। अग्रसेन सेवा संगठन की ‘सार्थक दिवाली’ पहल ने यह संदेश दिया कि दीपावली की सार्थकता केवल अपने घर में दीप जलाने में नहीं, बल्कि किसी दूसरे के जीवन में खुशियों का दीप प्रज्वलित करने में है।