प्रदीप चौधरी
इंदौर. भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए लोकायुक्त इंदौर की टीम ने शुक्रवार को जनपद पंचायत डॉ. अंबेडकर नगर (महू) में पदस्थ उपयंत्री को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया. यह कार्रवाई महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश पर की गई.
लोकायुक्त से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत यशवंत नगर के सचिव रमेशचन्द्र चौहान ने शिकायत दर्ज कराई थी कि पंचायत में 15 वें वित्त आयोग मद से स्वीकृत 4 लाख 52 हजार रुपये की लागत से बने सीसी रोड निर्माण कार्य के भौतिक सत्यापन और माप पुस्तिका में मूल्यांकन दर्ज करने के एवज में उपयंत्री श्रीमती सावित्री मुवेल द्वारा 15 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है.
शिकायत की जांच पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त राजेश सहाय के निर्देशन में कराई गई, जिसमें आरोप सही पाए गए. इसके बाद 10 अप्रैल 2026 को ट्रैप दल का गठन कर योजनाबद्ध कार्रवाई की गई. टीम ने उपयंत्री सावित्री मुवेल को शिकायतकर्ता से 15 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया.
आरोपी उपयंत्री के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम 2018 की धारा-7 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
इस ट्रैप कार्रवाई में कार्यवाहक निरीक्षक श्रीमती रेनू अग्रवाल, आशुतोष मिठास सहित आरक्षक प्रमोद यादव, शैलेंद्र बघेल, मनीष माथुर, कृष्ण अहिरवार, महिला आरक्षक गायत्री एवं अर्चना की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
लोकायुक्त संगठन ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई शासकीय अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना तुरंत लोकायुक्त कार्यालय इंदौर को दें.