एप डाउनलोड करें

Indore City : स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 : आयुक्त द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण समीक्षा बैठक

इंदौर Published by: sunil paliwal-Anil Bagora Updated Sat, 21 Feb 2026 08:53 PM
विज्ञापन
Follow Us
विज्ञापन

वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

 स्वच्छता सर्वेक्षण गाइडलाइन के अनुसार कार्य शुरू करने के दिए निर्देश 

 स्वच्छता की साथ ही यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश 

इंदौर. आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारियों को लेकर नगर निगम प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर रणनीति तैयार की जा रही है। इसी क्रम में आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल द्वारा आज सिटी बस ऑफिस में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर आयुक्त श्री प्रखर सिंह, सहित अन्य समस्त अपर आयुक्त, विभाग प्रमुख, उपायुक्त, झोनल अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

● स्वच्छ सर्वेक्षण की गाइडलाइन पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण 

बैठक के प्रारंभ में शासन द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुसार स्वच्छ सर्वेक्षण के सभी बिंदुओं पर विस्तृत प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया गया। इसमें डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, स्रोत पर कचरा पृथक्करण, गार्बेज फ्री सिटी मानक, ओडीएफ प्लस प्लस की स्थिति, नागरिक सहभागिता, नवाचार एवं डिजिटल मॉनिटरिंग जैसे प्रमुख बिंदुओं की विस्तार से समीक्षा की गई। आयुक्त श्री सिंघल ने निर्देश दिए कि प्रत्येक विभाग अपने-अपने दायित्वों का सूक्ष्म विश्लेषण कर समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करे तथा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करे।

स्वच्छ जल प्रदाय एवं नाला सफाई पर विशेष जोर 

बैठक में स्वच्छ जल प्रदाय व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पेयजल गुणवत्ता, नियमित परीक्षण, लीकेज नियंत्रण एवं जल वितरण की सतत निगरानी के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही स्वच्छ नाला अभियान के अंतर्गत नालों की नियमित सफाई, सिल्ट हटाने, आउटफॉल की जांच तथा जलभराव की स्थिति को रोकने हेतु विशेष कार्ययोजना बनाने पर जोर दिया गया। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि शहर में कहीं भी गंदे पानी का ठहराव न हो, यह सुनिश्चित किया जाए।

सौंदर्यीकरण एवं अन्य स्वच्छता मापदंड 

शासन की गाइडलाइन अनुसार शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। दीवार लेखन, पेंटिंग, सार्वजनिक शौचालयों की स्वच्छता एवं रखरखाव, कचरा मुक्त सार्वजनिक स्थल आदि बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। आयुक्त महोदय ने निर्देश दिए कि नो रेड स्पॉट अभियान को पुनः गति दी जाए तथा शहर के व्यस्ततम क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए।

यातायात प्रबंधन एवं लेफ्ट टर्न चौड़ीकरण की समीक्षा 

बैठक में यातायात प्रबंधन को भी स्वच्छ सर्वेक्षण से जोड़ते हुए समीक्षा की गई। आयुक्त श्री सिंघल द्वारा प्रमुख चौराहों पर लेफ्ट टर्न चौड़ीकरण, अतिक्रमण हटाने, सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था तथा यातायात सुगमता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं व्यवस्थित शहर की छवि के लिए सुचारू यातायात व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है।

समयबद्ध कार्ययोजना बनाने के निर्देश 

बैठक के अंत में आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विभागीय स्तर पर दैनिक मॉनिटरिंग की जाए तथा प्रत्येक बिंदु पर शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि समन्वित प्रयासों, नवाचार एवं नागरिक सहभागिता के माध्यम से शहर को पुनः स्वच्छता में अग्रणी स्थान दिलाने हेतु सभी अधिकारी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next