नई दिल्ली.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा में महिला आरक्षण बिल के पारित न होने को लेकर शनिवार (18 अप्रैल, 2026) को देश में अपना संबोधन दिया. उन्होंने लोकसभा में बिल पारित न होने के लिए कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस (TMC), डीएमके समेत सभी विपक्षी दलों को जिम्मेदार ठहराया है.
उन्होंने कहा कि देश की नारी शक्ति ने कांग्रेस और उसके सभी सहयोगियों को चेहरे देख लिए हैं. उनका मुखौटा उतर चुका है. पीएम ने कहा कि कांग्रेस का काम देश के विकास को लटकाना और अटकाना है. उन्होंने इस दौरान कांग्रेस पार्टी पर भी तीखा निशाना साधा. पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस महिला आरक्षण के विषय से ही नफरत करती है. उसने हमेशा से ही महिला आरक्षण को रोकने के लिए षड्यंत्र किए हैं.
इस दिशा में पहली जितनी बार भी कोशिश की गई, हर बार कांग्रेस ने रोड़े अटकाए हैं. इस बार भी कांग्रेस और उसके साथियों ने महिला आरक्षण को रोकने के लिए एक के बाद एक नए झूठ का सहारा लिया. कभी संख्या को लेकर या कभी किसी और तरीक से कांग्रेस और उसके साथियों ने देश को गुमराह करने की कोशिश की और ऐसा करके इन दलों ने भारत की नारी शक्ति के सामने अपना असली चेहरा दिखा दिया है, अपना मुखौटा उतार दिया है.
पीएम मोदी ने कहा, ‘मुझे ये देखकर बहुत दुख हुआ कि जब महिला हित का ये महत्वपूर्ण प्रस्ताव सदन में गिरा, तब कांग्रेस, टीएमसी, डीएमके और समाजवादी पार्टी जैसे परिवारवादी दल खुशी से तालियां बजा रही थीं. महिलाओं से उनके अधिकार छीनकर ये लोग मेजें थपथपा रहे थे. उन्होंने जो किया वो सिर्फ टेबल पर थाप नहीं थी, बल्कि वो भारत की नारी के स्वाभिमान पर और उसके आत्मसम्मान पर चोट थी.
उन्होंने कहा, ‘नारी सब कुछ भूल जाती है, लेकिन अपना अपमान कभी नहीं भूलती है. इसलिए संसद में कांग्रेस और उसके सहयोगियों के व्यवहार की कसक हर नारी के मन में रहेगी. देश की नारी जब भी अपने क्षेत्र में इन सभी नेताओं को देखेगी तो वो याद करेगी कि इन्हीं लोगों ने संसद में महिला आरक्षण को रोकने का जश्न मनाया था, खुशियां मनाई थी.’