Thursday, 04 June 2026

राजस्थान

रोटरी क्लब कोटा नॉर्थ ने रामपुरा कोतवाली को भेंट किए दो बड़े कूलर

paliwalwani
रोटरी क्लब कोटा नॉर्थ ने रामपुरा कोतवाली को भेंट किए दो बड़े कूलर
रोटरी क्लब कोटा नॉर्थ ने रामपुरा कोतवाली को भेंट किए दो बड़े कूलर

कोटा. भीषण गर्मी के इस दौर में जहां आमजन और पुलिसकर्मी दोनों ही तपती धूप और उमस से जूझ रहे हैं, वहीं रोटरी क्लब कोटा नॉर्थ ने अपनी सामाजिक संवेदनशीलता का परिचय देते हुए रामपुरा कोतवाली में दो बड़े कूलर भेंट कर राहत पहुंचाने का सराहनीय कार्य किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के प्रदेश अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिड़ला रहे। इस अवसर पर रोटरी क्लब कोटा नॉर्थ के अध्यक्ष रोटे. विनय अग्निहोत्री एवं सचिव रोटे. डॉ. आर.बी. गुप्ता ने बताया कि रामपुरा कोतवाली प्रशासन द्वारा क्लब को अवगत कराया गया था कि गर्मी के इन दिनों में थाने में आने वाले आम नागरिकों तथा दिन-रात जनता की सेवा में लगे पुलिसकर्मियों को अत्यधिक गर्मी के कारण कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस आवश्यकता को महसूस करते हुए क्लब ने तत्काल दो बड़े कूलर उपलब्ध कराने का निर्णय लिया।

मुख्य अतिथि राजेश कृष्ण बिड़ला ने अपने संबोधन में कहा कि रोटरी क्लब कोटा नॉर्थ सदैव समाज की आवश्यकताओं को समझकर सेवा के नए आयाम स्थापित करता आया है। जरूरतमंदों की सहायता करना ही सच्ची मानव सेवा है और आज का यह कार्य उसी भावना का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि जब सामाजिक संस्थाएं और प्रशासन मिलकर कार्य करते हैं, तब समाज में सकारात्मक परिवर्तन की नई मिसालें स्थापित होती हैं।

इस अवसर पर बिड़ला ने इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से पुलिसकर्मियों को डिनर सेट भी भेंट किए तथा उनके समर्पण और सेवाभाव की सराहना की। प्रोजेक्ट डायरेक्टर रोटे. अनुराग अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग की आवश्यकताओं को समझना और यथासंभव सहयोग करना ही रोटरी का मूल उद्देश्य है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ये कूलर थाने में आने वाले नागरिकों और पुलिसकर्मियों को गर्मी से राहत प्रदान करेंगे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने रोटरी क्लब कोटा नॉर्थ तथा इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी का आभार व्यक्त किया।

whatsapp share facebook share twitter share telegram share linkedin share
Related News
Latest News
Trending News