नई दिल्ली. पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि प्रधानमंत्री आवास पर हाईलेवल मीटिंग चल रही है. बैठक में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी एल संतोष और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मौजूद हैं.
इससे पहले, पीएम मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को मंत्रिपरिषद की बैठक हुई. जिसमें दो मुख्य विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई. इसमें 50 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाना और नक्सलियों का खात्मा करना शामिल है. गृह और वित्त सहित केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों के 11 सचिवों ने भी संबंधित विषयों पर प्रेजेंटेशन दीं.
बैठक में मोदी सरकार के गरीबी उन्मूलन कार्यक्रमों की भी सराहना की गई. साथ ही, विश्व बैंक की एक रिपोर्ट का हवाला दिया गया, जिसके अनुसार 2011 से 2023 के बीच 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं. इससे अत्यधिक गरीबी की दर में 90 प्रतिशत की भारी गिरावट आई है, यानी अब हर चार भारतीयों में से एक से भी अधिक की जगह, लगभग हर 38 भारतीयों में से एक व्यक्ति अत्यधिक गरीबी में है.
पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि 50 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाने और देश से नक्सली खतरे को खत्म करने के तरीकों पर विस्तार से चर्चा हुई. उन्होंने बताया कि बैठक में सुशासन, सुधारों और कल्याणकारी एवं विकास योजनाओं के जरिए महिलाओं और युवाओं तक पहुंच बनाने जैसे कई मुद्दों पर भी चर्चा हुई.
मंत्रिपरिषद की पिछली बैठक सितंबर में आयोजित की गई थी, जिसे ‘चिंतन शिविर’ नाम दिया गया था. इस बैठक में मंत्रियों ने इस बात पर मंथन किया था कि सभी सरकारी योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत वास्तविक लाभार्थियों तक कैसे पहुंचाया जाए और उनके कल्याण के लिए उठाए गए कदमों के बारे में नागरिकों से प्रभावी ढंग से कैसे जुड़ा जाए.
बुधवार को हुई मंत्रिपरिषद की बैठक को हालांकि कोई नाम नहीं दिया गया. सितंबर की बैठक में, मंत्रिपरिषद को आठ समूहों में बांटा गया था. प्रधानमंत्री ने इन सभी समूहों के साथ अलग-अलग बातचीत की, और साथ ही उन्हें एक साथ संबोधित भी किया था.