Tata Sierra EV ने Bharat NCAP के क्रैश टेस्ट में एडल्ट और चाइल्ड सेफ्टी के लिए 5-स्टार रेटिंग हासिल की है. ऐसे में जानिए इसके स्कोर और सेफ्टी फीचर्स, जिसने कार को 5-स्टार रेटिंग दिलाने में मदद की.
भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में अब कार खरीदते समय कस्टमर्स की चॉइस बदल रही हैं. पहले जहां लोग गाड़ी की कीमत, माइलेज और डिजाइन को ज्यादा महत्व देते थे, वहीं अब सेफ्टी पर भी लोग ज्यादा ध्यान देने लगे हैं. खासकर इलेक्ट्रिक कारों को लेकर कस्टमर्स के मन में यह सवाल रहता है कि आखिर ये गाड़ियां दुर्घटना के समय कितनी सुरक्षित होती हैं.
इसी बीच टाटा मोटर्स की इलेक्ट्रिक SUV Tata Sierra EV ने अपनी सुरक्षा को लेकर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है. इस गाड़ी को भारत न्यू कार असेसमेंट प्रोग्राम (Bharat NCAP) के क्रैश टेस्ट में 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग मिली है. इसके साथ ही कंपनी ने एक बार फिर यह दिखाया है कि इलेक्ट्रिक कारों में भी सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है.
एडल्ट और चाइल्ड सेफ्टी में मिले 5 स्टार
Tata Sierra EV ने Bharat NCAP के परीक्षण में एडल्ट ऑक्यूपेंट प्रोटेक्शन के लिए 32 में से 30.62 अंक हासिल किए हैं. वहीं चाइल्ड ऑक्यूपेंट प्रोटेक्शन कैटेगरी में इसे 49 में से 45 अंक मिले हैं. दोनों ही कैटेगरी में SUV को 5-स्टार रेटिंग दी गई है. इस टेस्ट के लिए कंपनी की टॉप-स्पेक Empowered A 75kWh QWD वेरिएंट का इस्तेमाल किया गया था.
फ्रंट और साइड क्रैश टेस्ट में भी अच्छा प्रदर्शन
किसी भी कार की सुरक्षा जांचने के लिए क्रैश टेस्ट में अलग-अलग तरह के टकराव की स्थिति तैयार की जाती है. इसमें देखा जाता है कि दुर्घटना के दौरान गाड़ी का ढांचा और उसमें बैठे लोगों की सुरक्षा कितनी प्रभावी रहती है. Tata Sierra EV को फ्रंटल ऑफसेट डिफॉर्मेबल बैरियर टेस्ट में 16 में से 14.62 अंक मिले. इस परीक्षण में ड्राइवर और आगे बैठे यात्री के सिर, छाती, पेल्विस और जांघों को अच्छी सुरक्षा मिली. वहीं साइड मूवेबल डिफॉर्मेबल बैरियर टेस्ट में SUV ने पूरे 16 में से 16 अंक हासिल किए. साइड पोल इम्पैक्ट टेस्ट में भी इसे OK रेटिंग मिली.
बच्चों की सुरक्षा में भी शानदार प्रदर्शन
कार में सफर करने वाले बच्चों की सुरक्षा भी बेहद जरूरी होती है. इसी को ध्यान में रखते हुए Bharat NCAP के चाइल्ड ऑक्यूपेंट प्रोटेक्शन टेस्ट में 18 महीने और तीन साल के बच्चों की डमी का इस्तेमाल किया गया. Tata Sierra EV ने बच्चों के डायनामिक क्रैश टेस्ट में 24 में से 24 अंक हासिल किए. इसके अलावा Child Restraint System (CRS) के परीक्षण में भी इसे 12 में से 12 अंक मिले. हालांकि व्हीकल असेसमेंट में 13 में से 9 अंक मिलने के कारण इसका कुल स्कोर 45 पर रहा. इस SUV की दूसरी पंक्ति की बाहरी सीटों पर ISOFIX और i-Size चाइल्ड सीट माउंट की सुविधा भी दी गई है, जिससे बच्चों की सीट को सही तरीके से फिट करने में मदद मिलती है.
इन सेफ्टी फीचर्स से लैस है Sierra EV
Tata Sierra EV में कंपनी ने कई आधुनिक सुरक्षा फिचर्स दी हैं. इसमें ड्राइवर और फ्रंट पैसेंजर के लिए एयरबैग के साथ साइड एयरबैग और कर्टेन एयरबैग भी मिलते हैं. इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC), ABS के साथ EBD, ट्रैक्शन कंट्रोल और टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS) जैसे फीचर्स शामिल हैं. SUV में सभी सीटों के लिए सीट बेल्ट रिमाइंडर, ISOFIX चाइल्ड सीट माउंट, रियर व्यू कैमरा और इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं. ये फिचर्स अलग-अलग परिस्थितियों में ड्राइवर और यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाने में मदद करते हैं.