Online Bike Booking: ऑनलाइन बाइक खरीदना भी लगभग उतना ही आसान हो गया है जितना कि ऑनलाइन शॉपिंग करना. जैसे आप कपड़े, मोबाइल या इलेक्ट्रॉनिक्स ऑनलाइन ऑर्डर करते हैं, वैसे ही अब बाइक भी ऑनलाइन खरीदी जा सकती है. दरअसल, सुजुकी मोटरसाइकिल इंडिया (Suzuki Motorcycle India) ने फ्लिपकार्ट के साथ पार्टनरशिप की है. इस करार के तहत कंपनी फ्लिपकार्ट पर बाइक बेचेगी.
यह सर्विस फिलहाल 8 राज्यों में 6 मॉडलों के लिए उपलब्ध है. खरीदार कर्नाटक, तमिलनाडु, गुजरात, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, मेघालय और मिजोरम में इस बुकिंग सर्विस का इस्तेमाल कर सकते हैं. मॉडल रेंज में Avenis स्कूटर और मोटरसाइकिल जैसे Gixxer, Gixxer SF, Gixxer 250, Gixxer SF 250 और V-Strom SX शामिल हैं. सुजुकी अपने टू-व्हीलर की ऑनलाइन बुकिंग सेवा को भविष्य में और ज्यादा राज्यों में विस्तार करने की योजना बना रही है. इस कदम का मकसद कंपनी की डिजिटल उपस्थिति को मजबूत करना है.
फ्लिपकार्ट पर ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया के तहत संभावित खरीदार एक वेरिएंट चुन सकते हैं और ऑर्डर दे सकते हैं. इसके बाद नजदीकी ऑथराइज्ड डीलरशिप डॉक्यूमेंटेशन प्रोसेस में सहायता करेगी और रजिस्ट्रेशन पूरा होने पर सुजुकी का टू-व्हीलर डिलीवर किया जाएगा.
सुजुकी ने फरवरी 2006 में भारत में अपने ऑपरेशन की शुरुआत की थी. गुरुग्राम के खेड़की दौला में स्थित इसके मैन्युफैक्चरिंग प्लांट की सालाना प्रोडक्शन क्षमता 13,00,000 यूनिट्स है.
फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (FADA) के ताजा डेटा के मुताबिक, वित्त वर्ष 2024-25 में टू-व्हीलर और फोर-व्हीलर वाहनों की बिक्री में बढ़ोतरी देखी गई. टू-व्हीलर सेगमेंट में हीरो मोटोकॉर्प ने 54 लाख 45 हजार 251 यूनिट्स की बिक्री के साथ पहला स्थान हासिल किया. फोर-व्हीलर सेगमेंट में मारुति सुजुकी ने 16 लाख 71 हजार 559 यूनिट्स की बिक्री के साथ सबसे आगे रही.