📅 Sunday, 29 November 2026 | 05:16 PM IST
लाइव सेंसेक्स: 83,339.26 ▼ -989.34 (-1.17%) • निफ्टी 50: 25,607.20 ▼ -277.30 (-1.07%) • 🪙 सोना 24K (10g): ₹126,250 • 🥈 चांदी (1kg): ₹158,700 • ☁️ उज्जैन: 25°C (बादल छाए रहेंगे)
उदयपुर

रजिस्ट्री से पहले मौके पर अब जाकर करनी होगी जियो टैगिंग : जमीन-मकान खरीदने वालों के लिए बड़ी खबर

📅 29 November 2026, 04:54 PM • ✍️ paliwalwani • ⏱️ 6 मिनट में पढ़ें
शेयर करें:
WhatsApp Facebook Twitter Telegram Instagram
रजिस्ट्री से पहले मौके पर अब जाकर करनी होगी जियो टैगिंग : जमीन-मकान खरीदने वालों के लिए बड़ी खबर
रजिस्ट्री से पहले मौके पर अब जाकर करनी होगी जियो टैगिंग : जमीन-मकान खरीदने वालों के लिए बड़ी खबर

डॉक्टर सुरेन्द्र पालीवाल- उदयपुर

अजमेर/उदयपुर. जमीन, मकान या दुकान की रजिस्ट्री में अब फर्जीवाड़ा नहीं चलेगा। पंजीयन एवं मुद्रांक विभाग ने रजिस्ट्री के लिए जियो टैगिंग व्यवस्था लागू कर दी है। इसकी शुरुआत अजमेर से हो गई है। सफल रहने पर इसे पूरे प्रदेश में लागू किया जाएगा।

नई व्यवस्था में संबंधित जमीन, मकान या दुकान का मौके पर जाकर ही फोटो अपलोड करना होगा। इसके बाद ही दस्तावेज पंजीकरण के लिए आवेदन हो सकेगा। यदि मौके की जियो-टैग फोटो अपलोड नहीं हुई, तो सॉफ्टवेयर दस्तावेज को स्वीकार ही नहीं करेगा।

अब तक क्या होता था

अब तक रजिस्ट्री के लिए कहीं से भी ऑनलाइन आवेदन की व्यवस्था थी। ज्यादातर काम कागजों पर हो जाते थे। मौके पर गए बिना ही पुरानी फोटो, पुराना नक्शा और मनमाना विवरण लगाकर रजिस्ट्री करा ली जाती थी। इससे खाली प्लॉट को बना हुआ मकान दिखाकर आवेदन कर दिया जाता था। कृषि भूमि को आवासीय बताकर और कम कीमत दिखाकर स्टाम्प ड्यूटी की चोरी की संभावना भी बनी रहती थी। कई बार विवादित और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर भी रजिस्ट्री हो जाती थी।

नई व्यवस्था में क्या होगा

पंजीयन के लिए दस्तावेज लेखक या व्यक्ति को अब पहले संबंधित मौके पर जाना होगा। उसी जगह खड़े होकर जीपीएस लोकेशन के साथ फोटो खींचनी होगी। यह फोटो सीधे सॉफ्टवेयर में अपलोड होगी। इसमें लोकेशन, समय और तारीख अपने आप दर्ज हो जाएगी। फोटो अपलोड हुए बिना दस्तावेज आगे नहीं बढ़ेगा।

क्या होगा फायदा

  • - खरीदार को पता रहेगा कि जो जमीन या मकान खरीदा है, वही मौके पर है।
  • - सरकार की स्टाम्प ड्यूटी चोरी भी रुक सकेगी।
  • - वास्तविक डीएलसी पर ही रजिस्ट्री होगी।
  • - संबंधित संपत्ति की फर्जी रजिस्ट्री भी नहीं हो सकेगी।
  • क्या हो सकती है चुनौती

  • - दस्तावेज लेखकों और पक्षकारों को सॉफ्टवेयर बदलाव समझने में परेशानी हो सकती है।
  • - समय ज्यादा लगने से रजिस्ट्रेशन की संख्या घट सकती है।
  • - कई जगह नेटवर्क की समस्या से फोटो अपलोड में परेशानी हो सकती है।
  • - मौके पर दस्तावेज लेखक को ले जाने में पक्षकारों का ज्यादा समय लगेगा।
  • क्या है सुझाव

    दस्तावेज लेखकों को प्रशिक्षण दिया जा सकता है। पहाड़ी और दुर्गम क्षेत्र में नेटवर्क की समस्या पर पुरानी व्यवस्था का विकल्प दिया जा सकता है।

    विभाग का कहना है : रजिस्ट्री प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए यह कदम उठाया गया है। कई मामलों में पुरानी फोटो या बिना फोटो के रजिस्ट्री और स्टाम्प ड्यूटी चोरी होना सामने आया है। अब सॉफ्टवेयर में नई व्यवस्था की गई है, जो जियो टैगिंग से जोड़ी गई है। मौके के निरीक्षण में भी आसानी रहेगी। यह व्यवस्था फिलहाल अजमेर के दोनों उप पंजीयक कार्यालयों में लागू की गई है। इसे पूरे प्रदेश में लागू किया जाएगा।

    - शरद मेहरा, महानिरीक्षक, पंजीयन एवं मुद्रांक विभाग

    जियो टैगिंग (Geotagging) एक ऐसी प्रक्रिया है जिसमें किसी फ़ोटो, वीडियो, वेबसाइट या डिजिटल डेटा के साथ उस जगह की भौगोलिक जानकारी (जैसे अक्षांश और देशांतर) जोड़ी जाती है। इसमें अक्सर तारीख और समय (टाइम स्टैम्प) भी दर्ज होता है। 

    यह कैसे काम करता है?
  • GPS और लोकेशन डेटा: स्मार्टफोन या कैमरे में लोकेशन सेवाएं चालू होने पर GPS के ज़रिये सटीक स्थान (Latitude और Longitude) लिया जाता है।
  • मेटाडेटा (EXIF): यह जानकारी फ़ाइल के मेटाडेटा में जुड़ जाती है या फ़ोटो पर स्टैम्प/ओवरले के रूप में दिख सकती है। 
  • प्रमुख उपयोग
  • सरकारी योजनाएं और निगरानी: आवास योजनाओं (जैसे पीएम आवास योजना), कृषि परियोजनाओं और पंचायत कार्यों की प्रगति व सत्यापन के लिए जियो टैगिंग का उपयोग होता है। संबंधित रिपोर्ट और डैशबोर्ड जियो टैग्ड प्रोजेक्ट डैशबोर्ड या ई-ग्राम स्वराज रिपोर्ट पर देखे जा सकते हैं। 
  • फ़ील्ड वर्क और व्यवसाय: साइट निरीक्षण, डिलीवरी, रियल एस्टेट और स्थानीय सेवाओं में काम का प्रमाण रखने के लिए इसका इस्तेमाल किया जाता है। 
  • सोशल मीडिया और फ़ोटो प्रबंधन: तस्वीरों को स्थान के अनुसार व्यवस्थित करने और सोशल मीडिया पर लोकेशन साझा करने में मदद मिलती है। इसके लिए Geo Tagging Camera जैसे ऐप्स उपलब्ध हैं।
  • 📲

    पालीवाल वाणी WhatsApp चैनल से जुड़ें

    ताज़ा ब्रेकिंग न्यूज़ और समाज के सभी समाचार सबसे पहले अपने फोन पर पाएं।

    चैनल से जुड़ें →

    संबंधित खबरें

    सभी देखें →
    WhatsApp WhatsApp चैनल