सेंट पॉल्स स्कूल में वार्षिक खेल सप्ताह - उदयम 2026 का भव्य शुभारंभ : विद्यार्थियों ने दिखाया उत्साह
Annu Rathore रुद्रांजली
राजसमंद. सेंट पॉल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, राजसमंद में वार्षिक खेल सप्ताह का शुभारंभ उत्साह, उमंग और खेल भावना से ओतप्रोत भव्य समारोह के साथ हुआ। समारोह में शिक्षा जगत की प्रतिष्ठित हस्तियों की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री नारायण सिंह राव, अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, आमेट, राजसमंद तथा विशिष्ट अतिथि श्री विद्याधर सालवी, पूर्व उप जिला शिक्षा अधिकारी (शारीरिक शिक्षा), राजसमंद का पारंपरिक रीति-रिवाज से आत्मीय स्वागत किया गया।

अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ समारोह का विधिवत शुभारंभ किया गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने मनमोहक प्रार्थना नृत्य की प्रस्तुति दी। स्वागत समारोह के बाद विद्यालय ध्वज फहराया गया तथा विद्यालय गान प्रस्तुत किया गया। इसके पश्चात विभिन्न सदनों के विद्यार्थियों द्वारा अनुशासित एवं आकर्षक मार्च पास्ट और बैंड सलामी ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
विशिष्ट अतिथि श्री विद्याधर सालवी ने खेल मशाल प्रज्वलित कर खेल सप्ताह का विधिवत आगाज किया। वहीं मुख्य अतिथि श्री नारायण सिंह राव ने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना, निष्पक्षता और अनुशासन के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने की शपथ दिलाई।
अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथि श्री नारायण सिंह राव ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में खेलों की महत्त्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल शिक्षा का अभिन्न अंग हैं। खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, सहयोग, नेतृत्व क्षमता और जीवन में आगे बढ़ने का आत्मविश्वास विकसित करते हैं। उन्होंने विद्यालय परिवार के खेल महोत्सव के साथ साथ अन्य सहशैक्षणिक गतिविधियों की सराहना की।

विशिष्ट अतिथि श्री विद्याधर सालवी ने कहा कि खेलकूद न केवल शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाते हैं, बल्कि विद्यार्थियों में संघर्षशीलता, धैर्य और दृढ़ इच्छाशक्ति का भी विकास करते हैं। ये गुण उन्हें जीवन की विभिन्न चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करते हैं।
राष्ट्रगान के पश्चात अतिथियों, प्राचार्य फादर जॉनी मैथ्यू, व्यवस्थापक फादर बेसिल वसुनिया, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने खेल मैदान की ओर प्रस्थान किया, जहां अतिथियों ने रेड हाउस एवं ब्लू हाउस की छात्राओं के बीच क्रिकेट मैच का शुभारंभ कर खेल प्रतियोगिताओं का विधिवत शुभारंभ किया।
विद्यालय के प्राचार्य फादर जॉनी मैथ्यू ने जानकारी देते हुए बताया कि पूरे सप्ताह विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के भरपूर अवसर मिलेंगे। उन्होंने बताया कि 5 दिसंबर को वार्षिक खेल एवं सांस्कृतिक दिवस के भव्य आयोजन के साथ खेल सप्ताह का समापन होगा।

यह आयोजन केवल खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति विद्यालय की प्रतिबद्धता का जीवंत उदाहरण रहा। सेंट पॉल्स विद्यालय का मानना है कि शिक्षा केवल कक्षा-कक्ष तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल का मैदान भी विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को निखारने का एक सशक्त माध्यम है। इसी उद्देश्य के साथ विद्यालय विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में भी उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रेरित कर रहा है।


पालीवाल वाणी WhatsApp चैनल से जुड़ें
ताज़ा ब्रेकिंग न्यूज़ और समाज के सभी समाचार सबसे पहले अपने फोन पर पाएं।
संबंधित खबरें
सभी देखें →
सेंट पॉल्स स्कूल में वार्षिक खेल सप्ताह - उदयम 2026 का भव्य शुभारंभ : विद्यार्थियों ने दिखाया उत्साह
Rajsamand News : राजसमंद में 12 साल बाद कांग्रेस का जिला प्रमुख पद पर कब्जा, सुंदर देवी कीर ने 5 वोटों से दर्ज की जीत
शोक संदेश : 24 श्रेणी पालीवाल समाज के पूर्व महामंत्री श्री भवानी शंकर जोशी का निधन : अंतिम यात्रा कल
पालीवाल समाज का सामूहिक विवाह समारोह एवं तुलसी शालिग्राम जी विवाह महोत्सव में द्वारकाधीश की नगरी में श्री लक्ष्मीनारायण भगवान एवं श्री चारभुजा नाथ के जयकारे की गूंज