एक साथ उठीं तीन अर्थियां, कश्यप परिवार की चीत्कार से गूंजा पूरा गांव
थानखम्हरिया. कबीरधाम जिले के रणवीरपुर चौकी के अंतर्गत आने वाले ग्राम बनिया के पास बुधवार की शाम हुए एक भीषण सड़क हादसे ने थानखम्हरिया तहसील के समीपस्थ ग्राम बनरांका के कश्यप परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन ली.
भाईदूज के पावन पर्व पर अपनी बहन के घर डोंगरिया गए भूपेन्द्र कश्यप (39), उनकी 12 वर्षीय पुत्री वीरा और सात वर्षीय पुत्र पंकज की एक तेज रफ्तार पल्सर बाइक की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. इस दुर्घटना में नवघटा निवासी भावेश सिन्हा की भी जान चली गई, जिससे पोस्टमार्टम के बाद जब भूपेन्द्र और उनके दोनों मासूम बच्चों के शव ग्राम बनरांका पहुंचे, तो पूरा गांव चीखों, चीत्कार और रुदन से गूंज उठा. मृतक की पत्नी खेमा कश्यप और बुजुर्ग मां अपने सुहाग और जिगर के टुकड़ों का शव देखकर बार-बार बेसुध हो रही थी.
आसपास की महिलाओं ने उन्हें संभालने का असफल प्रयास किया, लेकिन हर आंख नम थी और कलेजा चीर देने वाला यह दृश्य देखकर वहां मौजूद हर शख्स की आंखें भर आईं. खेती-किसानी कर बेहद सरल जीवन जीने वाले मिलनसार भूपेन्द्र और उनके बच्चों की अंतिम यात्रा दोपहर दो बजे गमगीन माहौल में निकाली गई. आगे पिता की अर्थी और पीछे दोनों मासूम बच्चों की अर्थियों को देख पत्थर दिल भी पिघल गए. गांव के मुक्तिधाम में एक ही चिता के पास तीनों का अंतिम संस्कार किया गया, जिसे पूरे गांव ने नम आंखों से अंतिम विदाई दी.
शासकीय मिडिल स्कूल में कक्षा सातवीं की मेधावी छात्रा वीरा, जो पढ़ाई में बेहद शांत स्वभाव की थी और बड़ी होकर शिक्षिका बनना चाहती थी, तथा प्राथमिक शाला की कक्षा 1 ली में पढ़ने वाला उसका प्यारा भाई पंकज अब इस दुनिया में नहीं हैं. घटना की जानकारी मिलते ही विद्यालय में शोक की लहर दौड़ गई. स्कूल की प्रार्थना सभा में दोनों भाई-बहन की तस्वीर पर फूल चढ़ाकर दो मिनट का मौन रखा गया और शिक्षकों व सहपाठियों ने उन्हें नम आंखों से भावभीनी श्रद्धांजलि दी, जिससे पूरा शाला परिसर गमगीन हो गया.
हादसे के बाद से पूरे बनरांका गांव में गहरा सन्नाटा पसरा रहा और शोकस्वरूप सभी दुकानें बंद रहीं. सरपंच चितरेन साहू ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित शोकाकुल परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता राशि प्रदान की जाए और बनिया-रणवीरपुर मार्ग पर बेलगाम दौड़ने वाले तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त रोक लगाई जाए ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार को ऐसा असहनीय दर्द न झेलना पड़े.
पालीवाल वाणी WhatsApp चैनल से जुड़ें
ताज़ा ब्रेकिंग न्यूज़ और समाज के सभी समाचार सबसे पहले अपने फोन पर पाएं।