मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता पारस जैन का इंदौर में निधन
इंदौर. मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता पारस जैन का इंदौर के अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। दरअसल उज्जैन उत्तर से कई बार विधायक रहे पारस जैन ने प्रदेश सरकार में शिक्षा, ऊर्जा, वन और खाद्य जैसे अहम विभागों की जिम्मेदारी संभाली।
मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता पारस जैन का सोमवार को इंदौर के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। दरअसल वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थे और उनका इलाज चल रहा था। उनके निधन की खबर सामने आते ही भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों और विभिन्न सामाजिक संगठनों में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं दोपहर तीन बजे उनके उज्जैन स्थित निवास से अंतिम यात्रा निकाली जाएगी।
दरअसल पारस जैन का नाम मध्य प्रदेश भाजपा के उन नेताओं में शामिल रहा, जिन्होंने लंबे समय तक संगठन और सरकार दोनों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। उज्जैन उत्तर विधानसभा क्षेत्र से कई बार विधायक चुने गए पारस जैन ने अपने राजनीतिक जीवन में जनता से लगातार जुड़ाव बनाए रखा। शांत स्वभाव, सरल कार्यशैली और संगठन के प्रति समर्पण के कारण वे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में विशेष पहचान रखते थे। उनके निधन को भाजपा के लिए एक बड़ी राजनीतिक और व्यक्तिगत क्षति माना जा रहा है।
वर्ष 2005 से 2013 के बीच उन्होंने राज्य मंत्री के रूप में वन, स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण जैसे विभागों की जिम्मेदारी संभाली। इसके बाद दिसंबर 2013 में उन्हें स्कूल शिक्षा विभाग का कैबिनेट मंत्री बनाया गया। वर्ष 2016 में मंत्रिमंडल विस्तार के दौरान उन्हें ऊर्जा विभाग का दायित्व सौंपा गया। अपने कार्यकाल में उन्होंने शिक्षा और ऊर्जा से जुड़े कई प्रशासनिक फैसलों में भूमिका निभाई।
वहीं पारस जैन कई बार उज्जैन उत्तर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके थे और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर लगातार सक्रिय रहते थे। स्थानीय स्तर पर उनकी पहचान ऐसे जनप्रतिनिधि की थी, जो आम लोगों से सीधे संवाद रखते थे और संगठन के हर स्तर पर कार्यकर्ताओं के साथ जुड़े रहते थे। उनके निधन की खबर मिलते ही भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और बड़ी संख्या में समर्थकों ने शोक व्यक्त किया।
पालीवाल वाणी WhatsApp चैनल से जुड़ें
ताज़ा ब्रेकिंग न्यूज़ और समाज के सभी समाचार सबसे पहले अपने फोन पर पाएं।
संबंधित खबरें
सभी देखें →
मोक्षदायिनी श्रीमद्भागवत कथा में पधारने हेतु आग्रह: मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष से श्री मनीष शर्मा की आत्मीय भेंट
शोक संदेश : पालीवाल समाज इंदौर के वरिष्ठ समाजसेवी श्री अजातशत्रु बागोरा का आकस्मिक निधन : अंतिम यात्रा कल