इंदौर

CORONA VACCINATION : इंदौर जिले में 21 जून 2021 योग दिवस से वैक्सीनेशन महा-अभियान होगा प्रारंभ

Paliwalwani
CORONA VACCINATION : इंदौर जिले में 21 जून 2021 योग दिवस से वैक्सीनेशन महा-अभियान होगा प्रारंभ
CORONA VACCINATION : इंदौर जिले में 21 जून 2021 योग दिवस से वैक्सीनेशन महा-अभियान होगा प्रारंभ

इंदौर । राज्य शासन द्वारा 21 जून 2021 (योग दिवस) से कोविड-19 वैक्सीनेशन महाअभियान आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इस अभियान के दौरान प्रत्येक जिले के ब्लॉक/ग्राम/वार्ड स्तर के आपदा प्रबंधन समूहों के सक्रिय सहयोग के साथ 18 से अधिक आयु वर्ग के समस्त नागरिकों को प्रेरित करते हुये, कोविड-19 टीके का प्रथम डोज तथा ड्यू नागरिकों को द्वितीय डोज देने हेतु जिले में निर्धारित लक्ष्य अनुसार टीकाकरण किया जायेगा। यह अभियान इंदौर जिले में भी आयोजित होगा। इसके लिये कलेक्टर श्री मनीष सिंह के निर्देशन में व्यापक तैयारियाँ की जा रही हैं।

कोविड-19 वैक्सीनेशन अभियान के आरम्भ दिवस 21 जून 2021 को इंदौर में दो लाख लाख नागरिकों के कोविड-19 टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। 21 जून को प्रारंभ होने के पश्चात यह वैक्सीनेशन महाअभियान निरंतर चलता रहेगा। अभियान के लिये पांच सौ से अधिक टीकाकरण केन्द्र बनाये जा रहे है। 

वैक्सीनेशन महाअभियान की तैयारियाँ

जिले को दिये गये लक्ष्य के अनुसार वैक्सीनेशन केन्द्रों तथा वैक्सीनेशन सत्रों का निर्धारण किया जा रहा है। वैक्सीनेशन केन्द्र के भवन में सोशल डिस्टेसिंग के पालन तथा वैक्सीनेशन उपरांत आधे घण्टे की प्रतीक्षा हेतु पृथक स्थान की व्यवस्था की जा रही है। कलेक्टर श्री मनीष सिंह ने निर्देश दिये हैं कि वैक्सीनेशन केन्द्र स्थल पर समुचित साफ-सफाई एवं पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। यथासंभव स्वल्पहार की व्यवस्था स्थानीय नगरीय निकाय अथवा ग्राम पंचायत जन समुदाय के सहयोग से की जाये। वैक्सीनेशन केन्द्र स्थल पर रंगोली, गुब्बारे आदि के माध्यम से उत्सवी वातावरण निर्मित किया जाये ताकि वैक्सीनेशन हेतु आने वाले समस्त नागरिकों को वैक्सीनेशन का सुखद अनुभव प्राप्त हो सकें। उन्होंने निर्देशित किया है कि आवश्यकतानुसार बुर्जुग नागरिकों एवं द्वियांगजन को वैक्सीनेशन केन्द्र पर लाने हेतु साधन की भी यथासंभव व्यवस्था की जाये।

प्रत्येक टीकाकरण केन्द्र के लिये रहेंगे प्रेरक

प्रत्येक वैक्सीनेशन केन्द्र पर समाज के प्रबुद्ध व्यक्तियों द्वारा वैक्सीन उत्प्रेरक के रूप में प्रातः 10 बजे वैक्सीनेशन महाअभियान का शुभारंभ किया जायेगा। इस हेतु उनके द्वारा वैक्सीनेशन स्थल पर महापुरुष की तस्वीर पर माल्यापर्ण कर दीप प्रज्जवलन किया जायेगा। जिले के समस्त वैक्सीनेशन केन्द्रों के लिये वैक्सीन प्रेरको का चयन किया जा रहा है। मंत्रीगण, सांसद, विधायकगण, जिला पंचायत अध्यक्ष, शासकीय निगम/मण्डलों के अध्यक्षगण भी वैक्सीनेशन प्रेरक के रूप में इस महाअभियान में भाग लेगें। इसके अलावा जिले के अन्य प्रबुद्ध नागरिकगण जिनमें पद्मभूषण, पद्मश्री, अंलकृत व्यक्ति मूर्धन्य साहित्यकार, सेलेब्रेटिस, स्वंयसेवी संस्थाओं के सक्रिय लीडर, धर्मगुरु, धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रमुख व्यक्ति स्वंयसेवी संस्थाओं, सामाजिक क्लबों के प्रमुख व्यक्ति, शिक्षाविद, मीडिया जगत के प्रबुद्ध जन, जिला जनपद एवं ग्राम स्तरीय आपदा प्रबंधन समितियों के सदस्यगण, जनप्रतिनिधिगण, खिलाड़ी, योगगुरु, वर्तमान एवं सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारीगण आदि सम्मिलित है वैक्सीन उत्प्रेरक रहेंगे। उन्हें उनके निर्धारित वैक्सीनेशन केन्द्रों पर प्रातः 10 बजे शुभांरभ हेतु विधिवत जिला प्रशासन द्वारा आमंत्रित किया जायेगा।

गीत के माध्यम से पहुँचेगा टीकाकरण का संदेश

वैक्सीनेशन महाअभियान हेतु जन जागृति फैलाने के लिये एवं प्ररेक गीत तैयार किया गया है इस गीत को समस्त रेडियो चैनल (आकाशवाणी एवं एफ. एम. आदि), लोकल टी. व्ही. चैनल तथा सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक प्रसारित किया जायेगा और जन-जन तक वैक्सीनेशन का संदेश पहुँचाया जायेगा। वैक्सीनेशन केन्द्र पर वैक्सीन लगाने आने वाले प्रत्येक नागरिक को एक शपथ वाचन करायी जायेगी। इसके माध्यम से वह भी कोविड-19 वैक्सीनेशन के उत्प्ररेक के रूप में समाज में जागृति फैला सकें।

पर्यवेक्षण हेतु समुचित व्यवस्था भी की गयी

वैक्सीनेशन महाअभियान के प्रारंभ दिवस की समस्त गतिविधियों के पर्यवेक्षण हेतु समुचित व्यवस्था की गयी है। जिला स्तर पर एक कन्ट्रोल रूम की स्थापना की जायेगी। प्रत्येक चार से पाँच वैक्सीनेशन केन्द्रों के ऊपर एक वाहनयुक्त जोनल अधिकारी नियुक्त किये जा रहे हैं। उक्त अधिकारी वैक्सीनेशन महाअभियान की समस्त गतिविधियों का पर्यवेक्षण अपने प्रभार के केन्द्रों पर निरंतर भ्रमण कर करेंगे। पर्यवेक्षण हेतु नियुक्त जोनल अधिकारी निरंतर जिला स्तरीय कन्ट्रोल रूम के संपर्क में रहेंगे एवं प्रत्येक घंटे पर रिपोर्ट देंगे।

whatsapp share facebook share twitter share telegram share linkedin share
Related News
GOOGLE
Latest News
Trending News