यह लेख किसी प्रकार का भय फैलाने के लिए नहीं, बल्कि समय रहते आर्थिक रूप से जागरूक होने का एक विनम्र प्रयास है। आज यदि हम अपने आसपास देखें, तो पाएँगे कि अधिकांश परिवार किसी न किसी आर्थिक दबाव से गुजर रहे हैं। किसी पर घर की ईएमआई है, किसी पर शिक्षा का खर्च, किसी पर इलाज का बोझ, तो कोई रोज़गार और व्यवसाय की अनिश्चितता से जूझ रहा है।
महंगाई धीरे-धीरे आम परिवार की बचत को कम कर रही है। छोटी-सी बीमारी भी कई परिवारों का बजट बिगाड़ देती है। उच्च शिक्षा लाखों रुपये की हो चुकी है। छोटे व्यापारियों के सामने बढ़ती लागत और बदलते बाज़ार की चुनौती है। युवाओं के सामने स्थिर और गुणवत्तापूर्ण रोजगार प्राप्त करना आसान नहीं है।
यदि आने वाले समय में वैश्विक आर्थिक मंदी, युद्ध, तेल की कीमतों में वृद्धि या अन्य अंतरराष्ट्रीय संकट गहराते हैं, तो उनका प्रभाव भारत पर भी पड़ सकता है। इसलिए हर परिवार के लिए अभी से आर्थिक तैयारी करना समझदारी होगी।
याद रखिए, आर्थिक संकट आने पर सबसे अधिक प्रभावित वही परिवार होते हैं जिनके पास बचत नहीं होती और जो पूरी तरह उधार या एक ही आय पर निर्भर होते हैं।
यह समय घबराने का नहीं, बल्कि तैयारी करने का है। यदि हर नागरिक वित्तीय रूप से जागरूक बने, परिवार योजनाबद्ध ढंग से खर्च करे और समाज आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़े, तो किसी भी आर्थिक चुनौती का सामना अधिक मजबूती से किया जा सकता है।
सचेत नागरिक ही मजबूत राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत होता है। आज से ही तैयारी शुरू करें, क्योंकि आर्थिक सुरक्षा भी उतनी ही आवश्यक है जितनी शारीरिक सुरक्षा।