राजसमंद. निजी विद्यालय संगठन, ब्लॉक राजसमंद के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज माननीय विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी से भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने निजी विद्यालय संचालकों और शिक्षकों के समक्ष आ रही गंभीर समस्याओं एवं नीतिगत विसंगतियों के निराकरण हेतु एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
प्रमुख मांगें एवं विसंगतियां
- प्रतिनिधिमंडल ने विधायक महोदया को अवगत कराया कि वर्तमान में निजी शिक्षण संस्थान कई व्यावहारिक और आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहे हैं। ज्ञापन में मुख्य रूप से निम्नलिखित बिंदुओं पर ध्यान आकर्षित किया गया:
- RTE भुगतान में विलंब : शिक्षा का अधिकार (RTE) के तहत विद्यालयों के लंबित क्लेम बिलों का तत्काल भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
- न्यायालय आदेश की पालना : माननीय राजस्थान उच्च न्यायालय के स्पष्ट आदेश के बावजूद प्री-प्राइमरी कक्षाओं के भुगतान पर विभाग द्वारा निर्णय न लेना गंभीर विसंगति है, जिसे शीघ्र दूर किया जाए।
- यूनिट कॉस्ट एवं पारदर्शिता : बढ़ती महंगाई के अनुरूप RTE यूनिट कॉस्ट बढ़ाई जाए और भविष्य के लिए एक पारदर्शी एवं समयबद्ध भुगतान व्यवस्था लागू की जाए।
- 181 हेल्पलाइन का दुरुपयोग : फीस संबंधी मामलों में बिना विद्यालय प्रबंधन से चर्चा किए सीधे '181' पर होने वाली शिकायतों पर रोक लगे। विभाग बिना विद्यालय का पक्ष सुने सीधे TC जारी करने के आदेश न दे।
- खेल आयोजनों का बकाया : जिला एवं राज्य स्तरीय खेलों के आयोजन हेतु नियमानुसार देय राशि का विभाग द्वारा अधिकांश विद्यालयों को अभी तक भुगतान नहीं किया गया है, जबकि खेल शुल्क अनिवार्य रूप से लिया जाता है।
- भेदभावपूर्ण नीतियां : बोर्ड परीक्षा शुल्क, खेल गतिविधियों और सरकारी सुविधाओं (यूनिफॉर्म, साइकिल आदि) में निजी विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ हो रहे भेदभाव को समाप्त कर उन्हें सहभागी माना जाए।
विधायक ने दिया उचित समाधान का आश्वासन
माननीय विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वह उनकी बात को माननीय मुख्यमंत्री जी, राजस्थान सरकार एवं शिक्षा निदेशक तक पहुंचाकर उचित समाधान करवाने का पूर्ण प्रयास करेंगी।
प्रतिनिधिमंडल में सम्मिलित पदाधिकारी
इस महत्वपूर्ण भेंट के दौरान प्रतिनिधिमंडल में जिला संयोजक एवं संरक्षक मंडल सदस्य लाल सिंह झाला, जिला सचिव डॉ. गिरीश पालीवाल, वरीष्ठ उपाध्यक्ष जवान सिंह देवड़ा, भरत कुमावत, कैलाश शर्मा, शकिल मोहम्मद, दीलिप जोशी एवं अभिषेक पालीवाल सहित संगठन के अन्य प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे।
- M. Ajnabee, Kishan paliwal