इंदौर को देपालपुर का मेंटर शहर बनाया : सूरत और नवी मुंबई से इंदौर को चुनौती

विज्ञापन

इंदौर. स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अवॉर्ड समारोह में 11 नवंबर 2026 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू देश के विजेता शहरों को सम्मानित करेंगी। दिल्ली के विज्ञान भवन में सुबह 11 बजे होने वाले समारोह में राष्ट्रीय स्तर पर 57 श्रेणियों में अवॉर्ड दिए जाएंगे।

मध्य प्रदेश के इंदौर सहित 7 शहर सुपर स्वच्छ लीग में शामिल हैं। हालांकि, इस बार इंदौर के सामने अपनी सफाई व्यवस्था का स्तर बनाए रखने के साथ ही जोड़ीदार शहर देपालपुर की स्वच्छता व्यवस्था सुधारने की भी चुनौती रही।

इंदौर को देपालपुर का मेंटर शहर बनाया गया

स्वच्छ सर्वेक्षण में इंदौर को सामान्य शहरों की रैंकिंग से अलग सुपर स्वच्छ लीग में जगह दी गई है। इसके तहत स्वच्छ शहर जोड़ी पहल में इंदौर को देपालपुर का मेंटर शहर बनाया गया था।

इंदौर को देपालपुर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, पुराने कचरे के निपटान, जनजागरूकता और सफाई व्यवस्था के संचालन में सुधार के लिए मार्गदर्शन देना था। ऐसे में इस बार इंदौर के प्रदर्शन का आकलन केवल अपनी व्यवस्थाओं के आधार पर नहीं, बल्कि दूसरे शहर को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी के संदर्भ में भी महत्वपूर्ण रहा। समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहेंगे।

सूरत और नवी मुंबई से इंदौर को चुनौती

सुपर स्वच्छ लीग में इंदौर के साथ सूरत, नवी मुंबई और विजयवाड़ा जैसे शहर भी शामिल हैं। वहीं, मिलियन प्लस शहरों की श्रेणी में अहमदाबाद, भोपाल और लखनऊ को भी सुपर स्वच्छ लीग में जगह दी गई है। इन शहरों का मूल्यांकन सामान्य रैंकिंग के बजाय उच्च स्वच्छता मानकों के आधार पर किया जाएगा।

स्वच्छ शहर जोड़ी पहल में महाराष्ट्र सबसे आगे

स्वच्छ शहर जोड़ी पहल में महाराष्ट्र सबसे आगे रहा। राज्य के 47 शहरों को इस पहल में शामिल किया गया। इसके अलावा आंध्रप्रदेश के 20, गुजरात के 20, ओडिशा के 15, हरियाणा के 10 और मध्यप्रदेश के 7 शहरों को जोड़ी के रूप में शामिल किया गया।

विज्ञापन

और पढ़ें...

ये भी पढ़ें...

WhatsApp पर शेयर Facebook