कोटा.
कोटा में संभागीय आयुक्त ऑफिस परिसर में ग्रेड फोर्थ कर्मचारी ने सुसाइड कर लिया। कर्मचारी अतिरिक्त संभागीय आयुक्त ममता तिवारी के ऑफिस में डेपुटेशन पर पोस्टेड था।
मृतक अशफाक उर्फ आफाक (45) सोमवार रात साले की शादी से लौटा था। देर रात करीब ढाई बजे ऑफिस पहुंच कर चौकीदार से बोला कुछ काम है। ऑफिस की चाबी उसके पास थी।
मंगलवार सुबह 10 बजे जब सफाईकर्मी ने ऑफिस खोला तो अशफाक की बॉडी अतिरिक्त संभागीय आयुक्त के ऑफिस में मिली। इसके बाद स्टाफ और पुलिस को बुलाया गया। अशफाक इस ऑफिस में 13 साल से डेपुटेशन (प्रतिनियुक्ति) पर था। उसका मूल विभाग बूंदी में रेवेन्यू डिपार्टमेंट था।
पुलिस के अनुसार- कर्मचारी ने ऑफिस केबिन के रेस्ट रूम में सुसाइड किया है। खुद की शर्ट को गले में लपेटा और कसा, जिससे उसकी मौत हुई है। माना जा रहा है कि शर्ट का एक सिरा उसने पैर में दबाया और दूसरे सिरे को हाथ से कसा। शव रेस्ट रूम में गेट के पास मिला था। कमरे में कोई पंखा नहीं था।