हैदराबाद. हैदराबाद के कुकटपल्ली में एक नवविवाहित जोड़ा अपने घर में मृत पाया गया। पुलिस ने बताया कि आशंका है कि इन लोगों ने आत्महत्या की है।
बालानगर के एसीपी पी. नरेश रेड्डी के अनुसार, मृत जोड़े की पहचान येमजाला कार्तिक (28) और उनकी पत्नी येररामल्ला मंजुला (27) के रूप में हुई है। कार्तिक एक प्राइवेट कंपनी के मार्केटिंग विभाग में काम करते थे, जबकि मंजुला एक गृहिणी थीं।
इस जोड़े की शादी मार्च में हुई थी। सुबह करीब 11.00 बजे यह घटना तब सामने आई, जब कार्तिक का भाई (जो दूसरी मंजिल पर रहता है) उन्हें नाश्ते के लिए बुलाने गया और उसने दरवाजा अंदर से बंद पाया।
ACP ने बताया, "कई बार दरवाजा खटखटाने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला तो कार्तिक के भाई ने खिड़की तोड़ दी और अंदर झांकने पर उसने कार्तिक को मृत पाया।" भाई ने पड़ोसियों की मदद से मेन गेट तोड़ा और देखा कि मंजुला बिस्तर पर मृत पड़ी है। दोनों को तुरंत पास के एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, लेकिन ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने उन्हें 'मृत अवस्था में लाया गया' घोषित कर दिया।
कुकाटपल्ली के सब-इंस्पेक्टर के. नरसिम्हा ने कहा जबकि उस व्यक्ति के शरीर पर चोट के निशान साफ दिख रहे थे, पत्नी के शरीर पर बाहर से कोई चोट नहीं मिली। मंजुला के मामले में आत्महत्या की वजह की पुष्टि हम पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कर पाएंगे। पुलिस को अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि आखिर किस वजह से यह आत्महत्या हुई।
एसीपी ने कहा मंजुला की मां ने एक शिकायत दर्ज कराई है। उसके परिवार ने अभी तक पति या उसके परिवार पर कोई शक जाहिर नहीं किया है। परिवार सदमे में लग रहा है। हम अभी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर किस वजह से यह घटना हुई।"