छिंदवाड़ा.
मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में एक बड़ा हादसा हो गया है। सीएम मोहन यादव के कार्यक्रम से लौट रही एक बस पलट गई। इस हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई है। कई लोग घायल हो गए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। पुलिस ने राहत बचाव कार्य शुरू कर दिया है। हादसों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सीएम मोहन यादव ने हादसे पर शोक प्रकट किया है। सीएम ने कहा- छिंदवाड़ा-नागपुर रोड पर हुई सड़क दुर्घटना हृदय विदारक है। प्रभावित परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। परमपिता परमात्मा से प्रार्थना है कि सभी दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए कामना करता हूं। मृतकों के निकटम परिजनों को 4-4 लाख रुपए की सहायता राशि, गंभीर रूप से घायलों को 1-1 लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
सीएम मोहन यादव का छिंदवाड़ा के पुलिस लाइन में कार्यक्रम था। सभी लोग इस कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के बाद लोग सम्मेलन से लौट रहे थे। इसी दौरान सिमरिया के पास पिकअप वाहन से बस की टक्कर हो गई। जिसके बाद बस पलट गई। बस पलटने ही मौके पर चीख पुकार मच गई।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसा उमरानाला इलाके में हुआ है। हादसे में जिन 10 लोगों की मौत हुई है इनमें 6 पुरुष, 3 महिलाएं और एक बच्चा शामिल है। कई घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है। एक घायल को नागपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। सभी का इलाज जारी है। मामले की जानकारी मिलते ही कलेक्टर भी अस्पताल पहुंच गए हैं।
छिंदवाड़ा कलेक्टर हरेंद्र नारायण ने अधिकारियों और अस्पताल के स्टाफ से बात कर मामले की जानकारी ली है। वहीं, दूसरी तरफ हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों की भीड़ अस्पताल के बाहर जमा हो गई है। बड़ी संख्या में परिजन जिला अस्पताल के बाहर पहुंच गए हैं। मौके पर पुलिस की टीम भी तैनात है।
जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन और बस के बीच टक्कर हुई। जिसके बाद बस पलट गई। इस हादसे में बस ड्राइवर की भी मौके पर मौत हो गई है। 30 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे में एक महिला और एक बच्चे का हाथ कट गया है।