इंदौर.
इंदौर में खेल संस्कृति को जन-आंदोलन का रूप देने की दिशा में सांसद खेल महोत्सव–2025 का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक खेल महोत्सव के तहत इंदौर के खिलाड़ी, खासकर दिव्यांग खिलाड़ीयो को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित करेंगे।
यह आयोजन सांसद शंकर लालवानी के नेतृत्व में इंदौर संसदीय क्षेत्र में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें हजारों खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है और विभिन्न खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। सांसद खेल महोत्सव के समन्वयक कपिल जैन नें बताया कि ये आयोजन इंदौर में खेल, स्वास्थ्य और युवा शक्ति को एक नई दिशा देने वाला आयोजन बन रहा है, जो आने वाले वर्षों में खेलों की एक स्थायी विरासत छोड़ने की क्षमता रखता है।
सांसद खेल महोत्सव–2025 का उद्देश्य केवल प्रतियोगिताएं कराना नहीं, बल्कि खेल को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना, युवाओं को फिटनेस से जोड़ना और छिपी हुई प्रतिभाओं को आगे लाना है। इस वर्ष ग्रामीण, शहरी, महिला, युवा और दिव्यांग खिलाड़ियों की व्यापक सहभागिता देखने को मिल रही है, जो इंदौर में मजबूत होती खेल संस्कृति को दर्शाती है।
इस आयोजन की सबसे खास बात यह है कि इस बार लगभग 1000 से अधिक दिव्यांग खिलाड़ी सांसद खेल महोत्सव–2025 से जुड़ रहे हैं। ये खिलाड़ी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में भाग लेंगे। यह मंच दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए आत्मविश्वास, सम्मान और राष्ट्रीय पहचान का एक बड़ा अवसर बन रहा है।
25 दिसंबर 2025 को वैष्णव महाविद्यालय,इंदौर में सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक मुख्य आयोजन होगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित करेंगे और दिव्यांग खिलाड़ियों से सीधा संवाद करेंगे। प्रधानमंत्री का यह संवाद खिलाड़ियों के मनोबल को बढ़ाएगा और उन्हें भविष्य में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा।
दिव्यांग खिलाड़ियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखते हुए आयोजन वैष्णव महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में किया जा रहा है, ताकि सभी प्रतिभागी सुरक्षित, सहज और सम्मानजनक वातावरण में कार्यक्रम का हिस्सा बन सकें।
सांसद खेल महोत्सव–2025 में सांसद सेवा संकल्प के अलावा इंदौर की कई प्रमुख दिव्यांग संस्थाओं और संगठनों की सहभागिता भी देखने को मिल रही है। सांसद खेल महोत्सव में शासकीय विद्यालय ओर निजी विद्यालयों के छात्र छात्राओं सहित विभिन्न खेल संघटनो सहित अनेक सामाजिक संस्थाएं शामिल हैं।
सांसद शंकर लालवानी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज उनके मार्गदर्शन और प्रेरणा से इंदौर में इतना बड़ा खेल आयोजन संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्र के लिए सही मायनों में राष्ट्रनायक हैं, जिनकी सोच ने फिट इंडिया और खेलों को जन-जन तक पहुंचाया है।
सांसद लालवानी ने इंदौर के नागरिकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों और खिलाड़ियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि खिलाड़ियों की भागीदारी यह दिखाती है कि इंदौर खेलों के प्रति कितना जागरूक और समर्पित शहर है। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव केवल खेल आयोजन नहीं, बल्कि युवा सशक्तिकरण, फिट इंडिया और राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक मजबूत कदम है।
इसके साथ ही फिट इंडिया को बढ़ावा देने के लिए फिट इंडिया कार्निवल का आयोजन भी किया गया है, जहां युवाओं को नियमित व्यायाम, स्वस्थ जीवनशैली और खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस आयोजन में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, जिला कलेक्टर कार्यालय, जिला शिक्षा विभाग, मेरा युवा भारत, जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग सहित कई विभागों की सक्रिय सहभागिता भी रहेगी।