189 किमी रेल परियोजना पर ₹2,083 करोड़ होंगे खर्च, 1,736 हेक्टेयर में से 646 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहित
नई दिल्ली/बांसवाड़ा. बांसवाड़ा को रेल नेटवर्क से जोड़ने वाली महत्वाकांक्षी रतलाम-बांसवाड़ा-डूंगरपुर नई रेल लाइन परियोजना को लेकर केंद्र सरकार ने महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने 7 अगस्त 2026 को राज्यसभा में पूछे गए प्रश्न के लिखित उत्तर में बताया कि 189 किलोमीटर लंबी इस नई रेल लाइन परियोजना को राजस्थान सरकार और रेल मंत्रालय के बीच 50:50 लागत-साझाकरण के आधार पर ₹2,083 करोड़ की लागत से स्वीकृति दी गई है।
बांसवाड़ा डूंगरपुर लाइन के लिए 646 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहीत -
परियोजना के लिए आवश्यक भूमि राजस्थान सरकार द्वारा अपने खर्च पर उपलब्ध कराई जाएगी। कुल 1,736 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता है, जिसमें से अब तक 646 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जा चुका है। रेल मंत्रालय के अनुसार मार्च 2026 तक इस परियोजना पर ₹243 करोड़ खर्च किए जा चुके हैं।
नाथद्वारा-देवगढ़-मदारिया रेल लाइन का आमान परिवर्तन पूरा
राजस्थान के लिए एक अन्य महत्वपूर्ण रेल परियोजना की जानकारी देते हुए रेल मंत्री ने बताया कि ₹1,597 करोड़ की लागत से नाथद्वारा-देवगढ़-मदारिया की 83 किलोमीटर लंबी रेल लाइन के आमान परिवर्तन का कार्य पूरा हो चुका है।
नीमच से नंदुरबार तक नई रेल लाइन का डीपीआर सर्वे
बांसवाड़ा क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को और मजबूत करने के लिए नीमच-बांसवाड़ा-दाहोद-अलीराजपुर-नंदुरबार नई रेल लाइन के लिए भी डीपीआर तैयार करने हेतु सर्वेक्षण को मंजूरी दी गई है। प्रस्तावित रेल मार्ग की लंबाई करीब 380 किलोमीटर है।
रेल मंत्री के अनुसार विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार होने के बाद परियोजना की स्वीकृति के लिए संबंधित राज्य सरकारों सहित विभिन्न हितधारकों से परामर्श किया जाएगा।
इसके साथ ही नीति आयोग, वित्त मंत्रालय आदि से आवश्यक मूल्यांकन एवं अनुमोदन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
सरकार ने स्पष्ट किया कि नई रेल परियोजनाओं की स्वीकृति एक सतत एवं गतिशील प्रक्रिया है, इसलिए इनके लिए निश्चित समय-सीमा विभिन्न स्तरों पर होने वाले मूल्यांकन और अनुमोदन पर निर्भर करती है।
बांसवाड़ा को रतलाम और डूंगरपुर से जोड़ने वाली रेल परियोजना तथा प्रस्तावित नीमच-बांसवाड़ा-दाहोद-अलीराजपुर-नंदुरबार रेल लाइन से दक्षिणी राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों की रेल कनेक्टिविटी को भविष्य में नया विस्तार मिलने की उम्मीद है।