नरेन्द्र बागोरा
इंदौर.
देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर के इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (IET) में आज एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें विश्वविद्यालय के माननीय कुलगुरु प्रो. (डॉ.) राकेश सिंघई द्वारा संस्थान के 25 कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इन कर्मचारियों ने बीएलओ (Booth Level Officer) के रूप में कार्य करते हुए राष्ट्रीय स्तर के महत्वपूर्ण निर्वाचन संबंधी कार्य (SIR) को अत्यंत समर्पण, निष्ठा और कड़ी मेहनत से सफलतापूर्वक संपन्न किया।
इस अवसर पर माननीय कुलगुरु प्रो. (डॉ.) सिंघई ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती में निर्वाचन प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है और इस प्रक्रिया में बीएलओ की भूमिका अत्यंत जिम्मेदार तथा संवेदनशील होती है। उन्होंने कर्मचारियों द्वारा निभाई गई जिम्मेदारी की सराहना करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय के कर्मचारी केवल शैक्षणिक गतिविधियों में ही नहीं, बल्कि राष्ट्रहित से जुड़े महत्वपूर्ण दायित्वों के निर्वहन में भी अग्रणी भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने सभी सम्मानित कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणादायी बताया। कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक डॉ प्रतोष बंसल, संकाय सदस्यों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति रही। समारोह के दौरान सभी 25 कर्मचारियों को पौधे लगे गमले प्रदान कर उनके योगदान का सम्मान किया गया।