इंदौर. रेसीडेंसी कोठी में मध्यप्रदेश राज्य सफाई कर्मचारी आयोग अध्यक्ष, कलेक्टर एवं आयुक्त की उपस्थिति में कर्मचारी संगठनों एवं पंचायत प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक इंदौर की स्वच्छता व्यवस्था एवं देशभर में स्थापित स्वच्छता की सकारात्मक छवि को बनाए रखने के उद्देश्य से विगत दो दिनों में उत्पन्न परिस्थितियों के संबंध में आज रेसीडेंसी कोठी पर मध्यप्रदेश राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष एवं कैबिनेट दर्जा प्राप्त श्री प्रताप करोसिया, कलेक्टर श्री शिवम वर्मा एवं नगर निगम आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल की उपस्थिति में नगर निगम के कर्मचारी संगठनों तथा वाल्मीकि समाज की पंचायतों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अपर आयुक्त श्री प्रखर सिंह सहित कर्मचारी यूनियन एवं पंचायतों के प्रतिनिधि श्री लीलाधर करोसिया, श्री लेखराज नरवाले, श्री बबल वेद, श्री विवेक करोसिया, श्री महेश गोहर, श्री बाबूलाल सिरसिया सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में मध्यप्रदेश राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष श्री प्रताप करोसिया ने कहा कि इंदौर की स्वच्छता व्यवस्था एवं शहर की छवि को प्रभावित करने वाली वर्तमान परिस्थितियों में इंदौर की चारों पंचायतें एवं कर्मचारी यूनियन संगठन नगर निगम के साथ हैं।
यूनियन अथवा समाज का संगठन इस आंदोलन में साथ नहीं है उन्होंने स्पष्ट किया कि इन संगठनों का उक्त गतिविधियों से कोई संबंध अथवा समर्थन नहीं है। उन्होंने कहा कि इंदौर की स्वच्छता व्यवस्था एवं शहर की छवि को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
आयोग अध्यक्ष श्री प्रताप करोसिया ने कहा कि इंदौर की समस्त ट्रेड यूनियनों एवं चारों पंचायतों द्वारा ऐसे तत्वों को स्पष्ट संदेश दिया गया है कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी प्रयास का समर्थन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारी संगठन एवं पंचायतें नगर निगम प्रशासन के साथ समन्वय रखते हुए शहरहित में अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगी।
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने कहा कि इंदौर ने स्वच्छता के क्षेत्र में देशभर में जो प्रतिष्ठा अर्जित की है, उसे बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से कर्मचारी यूनियनों एवं पंचायत प्रतिनिधियों के साथ सार्थक एवं सकारात्मक चर्चा की गई है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावित करने अथवा इंदौर की छवि खराब करने वाले किसी भी कृत्य को गंभीरता से लिया जाएगा तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। बैठक में उपस्थित संगठनों एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने भी प्रशासन को आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया है।
आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल ने कहा कि आज इंदौर की चारों पंचायतों एवं कर्मचारी यूनियनों के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा की गई। बैठक में सभी संगठनों एवं पंचायतों ने स्पष्ट रूप से कहा कि विगत दो दिनों में शहर की स्वच्छता व्यवस्था एवं इंदौर की छवि को प्रभावित करने वाली गतिविधियों का वे समर्थन नहीं करते हैं। उन्होंने कहा कि इंदौर स्वच्छता के क्षेत्र में देश में अग्रणी है और स्वच्छता की इस प्रतिष्ठा को बनाए रखने के लिए नगर निगम प्रशासन, कर्मचारी संगठन एवं समाज की सभी पंचायतें मिलकर कार्य करेंगी।
आयुक्त श्री सिंघल ने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा नागरिक हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी कर्मचारी संगठनों एवं पंचायतों ने प्रशासन के साथ समन्वय एवं सहयोग का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि इंदौर की स्वच्छता व्यवस्था को किसी भी परिस्थिति में प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा तथा शहरहित में सभी संबंधित पक्ष अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे।
बैठक में कर्मचारी संगठनों एवं पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा इंदौर की स्वच्छता व्यवस्था को बनाए रखने, नगर निगम प्रशासन के साथ समन्वय करने तथा शहर की स्वच्छता एवं गरिमा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।