कर्मचारी संगठनों एवं वाल्मीकि समाज पंचायत के पदाधिकारी सफाई मित्रों का कर रहे उत्साहवर्धन
आयुक्त सुबह 6 बजे से मैदानी निरीक्षण पर
पूरे शहर मे सफाई व्यवस्था सुचारू रूप से चल रही है
इंदौर. 8 अक्टूबर 2026। नगर निगम द्वारा शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आज प्रातः से ही निगम का समस्त सफाई अमला पूरी क्षमता के साथ मैदान में सक्रिय है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सफाई कार्य निरंतर जारी है तथा सफाई मित्र अपने निर्धारित कार्यक्षेत्रों में पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ स्वच्छता कार्य में जुटे हुए हैं। सफाई मित्रों के साथ साथ निगम के समस्त डोर टू डोर वाहन, ओपन डिपर वाहन, सिटी पिटी धुलाई वाहन सफाई में अनुलग्न पूरा अमला मैदान में कार्य कर रहा है।
आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल द्वारा आज प्रातः 6 बजे से ही शहर के विभिन्न क्षेत्रों का मैदानी निरीक्षण किया जा रहा है। आयुक्त द्वारा सफाई मित्रों के कार्यस्थलों पर पहुंचकर मौके की स्थिति का जायजा लिया जा रहा है तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए जा रहे हैं।समस्त अपर आयुक्त, नियमकर्ता अधिकारी,स्वास्थ्य अधिकारी, जोनल अधिकारी, सी एस आई सभी अधिकारी लगातार फील्ड में भ्रमण कर सफाई व्यवस्था पर ध्यान रख रहे है,पूरे शहर मे सफाई व्यवस्था सुचारू रूप से चल रही है।
सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा सफाई मित्रों का मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से कर्मचारी संगठनों एवं वाल्मीकि समाज की पंचायतों के पदाधिकारी भी सुबह से ही विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर सफाई मित्रों का उत्साहवर्धन कर रहे हैं। उनके द्वारा सफाई मित्रों से संवाद कर उन्हें अपने कार्य को पूरी निष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण के साथ करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
इसी क्रम में निगम के अपर आयुक्त, नियंत्रणकर्ता अधिकारी सहित स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विभाग का मैदानी अमला भी विभिन्न क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर सफाई व्यवस्था की निगरानी कर रहा है। अधिकारियों द्वारा सफाई कार्य की स्थिति का मौके पर निरीक्षण करते हुए आवश्यकतानुसार तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
नगर निगम प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सफाई कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो तथा नागरिकों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध हो, इसके लिए अधिकारियों द्वारा लगातार मैदानी निगरानी की जा रही है।