मिलावट की आशंका में 341 किलोग्राम खाद्य सामग्री जब्त : 5 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, कुल 12 खाद्य नमूने जांच हेतु संग्रहित
इंदौर. अक्टूबर 2026। आयुक्त खाद्य सुरक्षा मध्यप्रदेश एवं नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, मध्यप्रदेश, भोपाल श्री मनोज पुष्प के निर्देशन में तथा कलेक्टर जिला इंदौर श्री शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन, जिला इंदौर द्वारा दीपावली पर्व के दृष्टिगत खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु विशेष निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई निरंतर की जा रही है। इसी क्रम में आज खाद्य सुरक्षा दल द्वारा घी, दुग्ध उत्पाद, मिठाई, नमकीन एवं अन्य खाद्य पदार्थों के निर्माण से संबंधित इकाइयों का निरीक्षण किया गया।
आज की कार्रवाई के दौरान कुल 5 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 12 खाद्य नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए। ग्राम अहीरखेड़ी स्थित श्री श्याम फूड एजेंसी में मावे के निर्माण में मिलावट की आशंका एवं खाद्य पदार्थों के निर्माण हेतु उपयुक्त श्रेणी का पंजीयन उपलब्ध नहीं पाए जाने पर खाद्य कारोबार तत्काल प्रभाव से बंद कराया गया। मौके से लगभग 341 किलोग्राम खाद्य सामग्री, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 75 हजार रुपये है, जब्त की गई। इसके अतिरिक्त ग्राम पालदा स्थित मार्बल्लो फूड प्रोडक्ट्स में अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों का निर्माण पाए जाने पर आवश्यक सुधार हेतु नोटिस जारी किया जा रहा है।
निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई
विनायक फूड एंड डेयरी इंडस्ट्रीज, ग्राम बढ़िया कीमा, नेमावर रोड. विनायक फूड एंड डेयरी इंडस्ट्रीज, ग्राम बढ़िया कीमा, नेमावर रोड स्थित प्रतिष्ठान से श्री अमन गोयल के माध्यम से लूज घी का 1 नमूना जांच हेतु संग्रहित किया गया। अग्नि डेयरी इंडस्ट्रीज, ग्राम धुलेट, नेमावर रोड, अग्नि डेयरी इंडस्ट्रीज, ग्राम धुलेट, नेमावर रोड स्थित प्रतिष्ठान से श्री विजय गोयल के माध्यम से अग्नि घी, सपोरा घी एवं लूज बटर के कुल 3 नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए।
उक्त दोनों प्रतिष्ठानों से संग्रहित नमूनों को नियमानुसार परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा जाएगा। परीक्षण रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
श्री श्याम फूड एजेंसी, प्लॉट नंबर 19, ग्राम अहीरखेड़ी
श्री श्याम फूड एजेंसी का निरीक्षण खाद्य सुरक्षा दल द्वारा किया गया। मौके पर प्रतिष्ठान प्रभारी श्री कानसिंह राजपुरोहित उपस्थित पाए गए। निरीक्षण के दौरान परिसर में मावे का निर्माण किया जाना पाया गया। मौके पर दूध से फैट निकालकर उसमें स्किम्ड मिल्क पाउडर मिलाकर मावा तैयार किया जा रहा था। परिसर में वनस्पति तेल भी उपलब्ध पाया गया। मौके पर उपलब्ध परिस्थितियों के आधार पर यह आशंका हुई कि दूध से फैट निकालकर उसमें वनस्पति मिलाकर मावे का निर्माण किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों के निर्माण हेतु उपयुक्त श्रेणी का खाद्य पंजीयन भी उपलब्ध नहीं पाया गया। परिसर से मीठा मावा के 2 नमूने, वनस्पति का 1 नमूना, सूजी का 1 नमूना एवं स्किम्ड मिल्क पाउडर का 1 नमूना, इस प्रकार कुल 5 नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए।
मिलावट की आशंका के आधार पर लगभग 298 किलोग्राम मावा, 28 किलोग्राम वनस्पति एवं 15 किलोग्राम सूजी, कुल लगभग 341 किलोग्राम खाद्य सामग्री, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 75 हजार रुपये है, जब्त की गई। उपयुक्त श्रेणी का खाद्य पंजीयन उपलब्ध नहीं होने के कारण प्रतिष्ठान में खाद्य कारोबार तत्काल प्रभाव से बंद कराया गया। नमूनों को परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजने की कार्रवाई की जा रही है तथा रिपोर्ट प्राप्त होने पर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
श्री कुंज इंटरप्राइजेज, ग्राम अहीरखेड़ी
ग्राम अहीरखेड़ी स्थित श्री कुंज इंटरप्राइजेज का निरीक्षण किया गया। मौके पर सोनपापड़ी का निर्माण एवं पैकिंग किया जाना पाया गया। श्री अंकित मंगल के माध्यम से सोनपापड़ी का 1 नमूना जांच हेतु संग्रहित किया गया।
निरीक्षण के दौरान परिसर में पेस्ट कंट्रोल प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं पाया गया। खाद्य पदार्थों को पैलेट पर रखकर भंडारित नहीं किया जा रहा था तथा कर्मियों के चिकित्सकीय स्वास्थ्य प्रमाणपत्र भी उपलब्ध नहीं पाए गए। परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं पाई गई। उक्त कमियों के संबंध में प्रतिष्ठान संचालक को नोटिस जारी किया जा रहा है तथा खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं में सुधार हेतु आवश्यक निर्देश दिए जा रहे हैं।
मार्बल्लो फूड प्रोडक्ट्स, ग्राम पालदा, इंदौर
मार्बल्लो फूड प्रोडक्ट्स, ग्राम पालदा स्थित इकाई का निरीक्षण किया गया। मौके पर खाद्य कारोबारकर्ता श्री रश्मीत सिंह उपस्थित पाए गए। निरीक्षण के दौरान स्टोरेज एरिया में कच्चे खाद्य पदार्थों का भंडारण अत्यंत खराब अवस्था में पाया गया तथा खाद्य पदार्थों के भंडारण हेतु पैलेट्स का उपयोग नहीं किया जा रहा था।
उत्पादन क्षेत्र में जाले पाए गए तथा अस्वच्छ परिस्थितियों में चॉकलेट कॉन्स का निर्माण किया जाना पाया गया। जेली निर्माण क्षेत्र में अत्यधिक गंदगी पाई गई तथा नाली में पानी एवं गंदगी जमा होना पाया गया। उत्पादन क्षेत्र में ही शौचालय स्थित पाया गया, जो अच्छी खाद्य स्वच्छता प्रथाओं के अनुरूप नहीं है। निर्यात हेतु तैयार किए जा रहे चॉकलेट कॉन्स के लेबल भी अपूर्ण पाए गए।
निरीक्षण के दौरान पाई गई उक्त कमियों के संबंध में प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया जा रहा है तथा खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण एवं पैकिंग में स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक निर्देश दिए जा रहे हैं। परिसर से जेली के 2 नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए, जिन्हें परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। परीक्षण रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
दीपावली पर्व के दौरान खाद्य सुरक्षा पर विशेष ध्यान
खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा दीपावली पर्व के दौरान आमजन को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य निर्माण एवं विक्रय प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जा रहा है। खाद्य कारोबारकर्ताओं को निर्देशित किया जा रहा है कि खाद्य पदार्थों का निर्माण स्वच्छ एवं सुरक्षित परिस्थितियों में करें, खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करें तथा खाद्य पदार्थों में किसी भी प्रकार की मिलावट न करें।
निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, निर्माण स्थल एवं उपकरणों की नियमित सफाई, व्यक्तिगत स्वच्छता, कीट नियंत्रण तथा खाद्य पदार्थों को बाहरी संदूषण से सुरक्षित रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। संग्रहित खाद्य नमूनों को परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन, इंदौर द्वारा दीपावली पर्व के दौरान आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने हेतु निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
- खाद्य सुरक्षा प्रशासन, जिला इंदौर