महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव में जीत शरद पवार की विचारधारा के प्रति समर्थन की पुष्टि : राकांपा -शरदचंद्र पवार

विज्ञापन

मुंबई. 29 अक्टूबर (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष शशिकांत शिंदे ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि विधान परिषद चुनाव में महाविकास आघाडी (एमवीए) के तीन उम्मीदवारों की जीत ने शरद पवार की प्रगतिशील विचारधारा के प्रति समर्थन की पुष्टि की है।

शशिकांत ने एक बयान में कहा कि राकांपा (शरदचंद्र पवार) की उम्मीदवार हर्षदा देशमुख जाधव और डॉ. प्रतापसिंह वेदप्रकाश पाटिल ने क्रमशः पुणे और मराठवाड़ा स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों से जीत हासिल की।

उन्होंने कहा कि चुनाव परिणामों से साबित हुआ है कि राकांपा (शप) को आम लोगों और युवाओं का समर्थन अब भी हासिल है। राकांपा (शप) नेता ने उन दावों को खारिज किया कि शरद पवार के नेतृत्व वाली पार्टी राजनीतिक रूप से अप्रासंगिक हो गई है। शशिकांत ने कहा कि पुणे संभाग और मराठवाड़ा के मतदाता वर्षों से पवार के नेतृत्व का समर्थन करते रहे हैं।

उन्होंने दावा किया, ‘‘चुनाव परिणाम महंगाई, बेरोजगारी, सूखा, किसानों की समस्याओं, युवाओं में असंतोष और प्रश्नपत्र लीक होने जैसे मुद्दों पर जनता की नाराजगी भी दर्शाते हैं। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के दौरान कुछ मंत्रियों ने विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने की धमकी दी थी। सरकारी तंत्र के जरिए शिक्षकों पर दबाव बनाने की कोशिश की गई।’’

विज्ञापन

और पढ़ें...

ये भी पढ़ें...

WhatsApp पर शेयर Facebook