नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को दिल्ली के भारत मंडपम में फिक्की की 100वीं वार्षिक महासभा और सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पिछले 12-13 वर्षों में देश के करीब 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं।
उन्होंने कहा कि 70 के दशक में 'गरीबी हटाओ' का नारा दिया गया था, लेकिन उस समय नीतियों और नीयत में कमी थी। सही नीयत और दिशा में काम होने से आज देश में विकास और गरीबी उन्मूलन की रफ्तार तेज हुई है। प्रधानमंत्री ने भारतीय उद्योग जगत से अगले 20 वर्षों के लक्ष्य तय करने और हर बड़े निवेश में 'इंडिया फर्स्ट' को प्राथमिकता देने की अपील की।
उन्होंने स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत को बढ़ावा देने, फार्मा क्षेत्र में आयात पर निर्भरता घटाने तथा कृषि में निवेश बढ़ाने पर जोर दिया। पीएम ने कहा कि भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने में उद्योगपतियों की अहम भूमिका होगी।
उन्होंने सरकार को उद्योग जगत का दोस्त बताते हुए कहा कि कारोबारी बिना संकोच सुधारों से जुड़े सुझाव दे सकते हैं। साथ ही उन्होंने कॉरपोरेट टैक्स में कटौती, 12 लाख रुपये तक की आय को टैक्स-फ्री करने और रिफंड प्रक्रिया आसान बनाने का भी जिक्र किया।