Gwalior Crime News : श्रीराम के वीडियो देख रही थी बीवी, तो पति ने तलवार से काट डाला, जानें क्यों उठाया ये खौफनाक कदम

विज्ञापन

ग्वालियर.

कहा जाता है कि इस संसार में पति-पत्नी का रिश्ता भगवान बनाते हैं, जो जन्म-जन्मांतर तक अटूट रहता है। लेकिन, क्या हो जाए जब किसी बात को लेकर पति पत्नी एक दूसरे के खून के प्यासे हो जाए? एक ऐसा ही ताजा मामला हजीरा थाना क्षेत्र के बड़ागेट कांचमिल से सामने आया है। जहां भगवान राम के वीडियो देखने को लेकर पति करनवीर उर्फ करू सिंह तोमर ने अपनी बीवी रेवती उर्फ रीतू तोमर पर तलवार से जानलेवा हमला कर दिया। फिलहाल इस मामले में आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई धारदार तलवार भी जब्त कर ली है।

किस बात पर पति ने तलवार से किया जानलेवा हमला?

मिली जानकारी के मुताबिक, 26 अक्टूबर की देर रात करीब 11:30 बजे 36 साल की रेवती उर्फ रीतू तोमर अपनी बच्ची के साथ घर के कमरे में मोबाइल पर भगवान श्रीराम के वीडियो देख रही थीं। इसी दौरान पति करनवीर उर्फ करू सिंह तोमर आया और बोला कि श्रीराम के वीडियो मत देखों, महाकाल के वीडियो देखा करो। इसी बात पर दोनों में विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी पति ने गुस्से में मंदिर में रखी तलवार निकाल ली और पत्नी पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। हमले में महिला के सिर, गर्दन, हाथ और घुटने में गंभीर चोटें आई। खून से लथपथ महिला पड़ोसी के घर में घुसकर बेहोश हो गई थी। परिजन उसे जेएएच ट्रॉमा सेंटर लेकर गए थे, जहां उसे इलाज के लिए भर्ती कराया था।

घटना के बाद फरार हुआ था आरोपी

इधर वारदात को अंजाम देने के बाद सनकी पति मौके से भाग निकला था, जिसे पुलिस ने धरदबोचा है। हजीरा थाना पुलिस ने पीड़िता के बयान पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी करनवीर तोमर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई तलवार भी बरामद कर ली है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

धारदार तलवार जब्त

CSP ग्वालियर नागेन्द्र सिंह सिकरवार ने मामले की जानकरी देते हुए बताया कि ग्वालियर हजीरा थाना क्षेत्र के बड़ागेट कांचमिल में श्रीराम का वीडियो देखने को लेकर पत्नी पर तलवार से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी पति को हजीरा थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई धारदार तलवार भी जब्त कर ली है।

एक ही परिवार के 4 लोगों की हत्या

एक अन्य खबर में, मध्य प्रदेश के दमोह जिले के कबीरपुर गांव में 19 सितंबर की सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां द्वारका पटेल ने कुल्हाड़ी से हमला कर अपनी पत्नी खेमा पटेल और तीन छोटे बच्चों की हत्या कर दी। वारदात सुबह करीब 4 बजे हुई, जब पूरा परिवार सो रहा था। घटना के बाद आरोपी घर से फरार हो गया, लेकिन ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने तलाशी और पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया।

विज्ञापन

और पढ़ें...

ये भी पढ़ें...

WhatsApp पर शेयर Facebook