राज्य
कर्नाटक : होटल के कमरे में प्रेमी जोड़े की पिटाई, अलग-अलग धर्मों से था संबंध, हमलावरों ने वीडियो बनाकर किया वायरल
Pushplata
कर्नाटक के हावेरी जिले में कुछ लोग एक होटल के कमरे में घुसकर अंदर रह रहे एक अंतरधार्मिक जोड़े की पिटाई कर दी। पिटाई से महिला फर्श पर गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। साथ रह रहे पुरुष ने जब भागने की कोशिश की तो उसको दौड़ाकर पकड़ लिया और पिटाई कर दी। हमलावरों का आरोप है कि जोड़े के दोनों लोग अलग-अलग धर्म के हैं। इस दौरान हमलावरों ने उनको अपशब्द भी कहे।
घटना का हमलावरों ने स्वयं वीडियो बनाया और वायरल कर दिया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि होटल के बाहर छह लोग खड़े हैं और पहले वे कमरा नंबर नोट करते हैं, इसके बाद दरवाजे को खटखटाते हैं। जैसे ही जोड़े में रह रहा पुरुष दरवाजा खोलता है, सभी हमलावर अंदर घुस जाते हैं। इस दौरान महिला खुद को बुर्के से ढकने की कोशिश करती है। हमलावरों में से एक उसको बेड से धक्का मारकर फर्श पर गिरा दिए और घसीटने लगे।
बाद में महिला ने स्थानीय थाने में रिपोर्ट दर्ज कराकर हमलावरों को पकड़ने की गुहार लगाई। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें से 24 वर्षीय आफताब मकबूल अहमद चंदनकट्टी (Aftab Maqbool Ahmed Chandanakatti) और 23 वर्षीय मदरसाब महम्मद इसाक मंदक्की (Madarsab Mahmed Isaq Mandakki) शामिल हैं। पुलिस ने कहा कि आरोपी किसी भी संगठन से जुड़े नहीं थे, लेकिन पहले भी इसी तरह के मामले में उन पर केस दर्ज किया गया था। पुलिस वायरल हुए हमले के वीडियो क्लिप की निगरानी करके चार अन्य हमलावरों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि 26 वर्षीय एक मुस्लिम विवाहित महिला शिवमोग्गा जिले के एक हिंदू व्यक्ति के साथ सहमति के साथ कांसेंसुअल संबंध बना रही थी। दोनों ने 7 जनवरी को हंगल शहर के होटल में चेक-इन किया था। उसी दिन उन पर हमला किया गया था। इस बीच, महिला और उसके पति ने दावा किया कि आरोपी बाद में उसे एक सुनसान जगह पर ले गए और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस अधिकारी ने कहा कि वे महिला और उसके पति द्वारा किए गए दावों की भी जांच कर रहे हैं।
फिलहाल पुलिस ने धारा 354 (बी) (महिला को निर्वस्त्र करने के इरादे से हमला या आपराधिक बल का प्रयोग), 506 (आपराधिक धमकी), 504 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान), 143 (गैरकानूनी जमावड़ा), 147 (दंगा करना), 149 (सामान्य इरादे से गैरकानूनी जमावड़ा), 448 (घर में अतिक्रमण), 323 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) और 354 (महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने के इरादे से उस पर हमला या आपराधिक बल लगाना) के तहत मामला दर्ज किया है।