इंदौर
पुलिस की तत्परता और एक व्यक्ति की ईमानदारी से व्यापारी को वापस मिला लाखों रुपयों से भरा बैग
indoremeripehchan.in
इंदौर. पंढरीनाथ थाना पुलिस की सक्रियता और ठेला लगाकर जीविकोपार्जन करने वाले नागरिक की ईमानदारी से बर्तन व्यापारी का गुम हुआ ₹2.55 लाख नकदी से भरा बैग उसे वापस मिल गया।
हुआ ये कि फरियादी मुकेश कुमार वाधवानी निवासी काटजू कॉलोनी, बर्तन बाजार में कारोबार करते हैं। उन्होंने पंढरीनाथ थाना पुलिस को सूचना दी थी कि दिनांक 11/05/2026 को वे अपने घर से दुकान जा रहे थे। उनके पास कुल चार बैग थे, जिनमें से एक ब्राउन रंग के “डीपी ज्वेलर्स” लिखे बैग में ₹2,55,000/- नकद रखे हुए थे। दुकान पहुंचने पर उन्हें ज्ञात हुआ कि उक्त बैग रास्ते में कहीं गिर गया है। आसपास तलाश करने पर भी उन्हें बैग नहीं मिला।
व्यापारी की शिकायत पर पंढरीनाथ पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाश की गई तथा लगभग 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए।
सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन के दौरान एक काले रंग की होंडा शाइन मोटरसाइकिल का चालक बैग उठाकर ले जाते हुए दिखाई दिया, जिसमें वाहन का केवल “5742” नंबर आंशिक रूप से स्पष्ट दिखाई दे रहा था। पुलिस टीम द्वारा तत्परता से संभावित वाहन नंबर “एमपी-09-5742” से संबंधित वाहनों की जानकारी एकत्रित की गई, जिसमें कुल 34 वाहन चिन्हित हुए। इनमें से काले रंग की होंडा शाइन मोटरसाइकिलों की संख्या 16 पाई गई।
पुलिस टीम द्वारा सभी संभावित पतों पर जाकर विस्तृत पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान राजू जायसवाल निवासी लाबरिया भेरू द्वारा बताया गया कि उन्हें रास्ते में एक बैग मिला था, जिसे उन्होंने सुरक्षित रख लिया था। किसी प्रकार की गलतफहमी अथवा विवाद की स्थिति से बचने हेतु उन्होंने उक्त बैग को समीप स्थित मंदिर में सुरक्षित रख दिया था, ताकि वास्तविक मालिक मिलने पर उसे वापस किया जा सके।
पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर राजू जायसवाल ने तत्काल मंदिर से बैग लाकर पुलिस के सुपुर्द किया। फरियादी द्वारा बैग की पहचान करते हुए बताया गया कि बैग में रखी सम्पूर्ण राशि ₹2,55,000/- सुरक्षित एवं यथावत है।
राजू जायसवाल, सेव परमल का ठेला लगाकर जीविकोपार्जन करते हैं, उन्होंने ईमानदारी एवं जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय देने पर थाना प्रभारी पंढरीनाथ द्वारा उनकी ईमानदारी का सम्मान किया गया तथा उनके हाथों व्यापारी को बैग सुपुर्द किया गया। फरियादी द्वारा भी राजू जायसवाल एवं पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया गया। एक व्यक्ति की ईमानदारी और पुलिस की तत्परता से व्यापारी को वापस मिला लाखों रुपयों से भरा बैग.





