कोलकाता, एक मार्च (भाषा ) कप्तान सूर्यकुमार यादव ने रविवार को कहा कि वेस्टइंडीज के खिलाफ 97 रन बनाने वाले सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन को उनकी कड़ी मेहनत का फल मिला और यह भी कहा कि भारत टी20 विश्व कप सेमीफाइनल खेलने का हकदार था । भारत ने वेस्टइंडीज को पांच विकेट से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया जहां पांच मार्च को उसका सामना मुंबई में इंग्लैंड से होगा।
सूर्यकुमार ने मैच के बाद प्रसारक से कहा बहुत अच्छा लग रहा है। यह क्वार्टर फाइनल की तरह था। जिस तरह से टीम खेली, वह शानदार था। उन्होंने कहा मैं हमेशा कहता हूं कि अच्छे लोगों के साथ अच्छा ही होता है। संजू काफी मेहनत कर रहा था और इसका उसे फल मिला। उन्होंने कहा हम जिस तरह से पहले मैच से खेल रहे हैं, हम सेमीफाइनल के हकदार थे। अभी इसके बारे में नहीं सोचेंगे। मुंबई जायेंगे और वहां जाकर ही देखेंगे कि क्या करना है।
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में 2 विकेट खोकर 195 रन बनाए। रोस्टन चेज ने 40 रन बनाए। कप्तान शाई होप ने 32 रन की पारी खेली। रोवमैन पॉवेल 34 और जेसन होल्डर 37 रन बनाकर नाबाद रहे।
196 रन के टारगेट को टीम इंडिया ने 19.2 ओवर में 5 विकेट खोकर चेज कर लिया। भारत की जीत के हीरो भी संजू सैमसन रहे। संजू ने 50 गेंदों पर नाबाद 97 रन की पारी खेली। उनके अलावा तिलक वर्मा ने 27 और सूर्यकुमार यादव ने 18 रन बनाए।
वेस्टइंडीज को अहम मुकाबले में पांच विकेट से हराकर भारत टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंच गया। अब टीम का सामना पांच मार्च को वानखेड़े में इंग्लैंड से होगा। रविवार को कोलकाता में खेले गए मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर वेस्टइंडीज को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। टीम ने 20 ओवर में चार विकेट पर 195 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम ने संजू सैमसन की 97 रनों की विस्फोटक पारी की मदद से 19.2 ओवर में पांच विकेट पर 199 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।