प्रकाश प्रजापति
राजसमंद.राजसमंद जिले की बामन टुकड़ा ग्राम पंचायत के आरवाड़ा गांव में सरकारी स्कूल की भूमि पर अवैध कब्जे का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। गांव के प्रभावशाली लोगों द्वारा विद्यालय के खेल परिसर और शासकीय जमीन पर अतिक्रमण कर दीवारें तक खड़ी कर दी गई हैं, लेकिन जिला प्रशासन अब तक मूकदर्शक बना हुआ है।
प्रदेश सरकार द्वारा शासकीय स्कूलों की भूमि और खेल मैदानों पर अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं, बावजूद इसके राजसमंद जिले में ये आदेश महज कागजी साबित हो रहे हैं। हालात यह हैं कि अतिक्रमणकारियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने खुलेआम स्कूल की जमीन पर कब्जा जमा लिया है।
ग्रामीणों ने इस मुद्दे को लेकर कलेक्टर, एसडीएम और तहसीलदार से कई बार शिकायत कर विद्यालय की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है, लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों की लचर कार्यप्रणाली के चलते अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है।
ग्रामीणों में इस बात को लेकर भारी रोष है कि एक ओर सरकार शिक्षा को बढ़ावा देने और जागरूकता फैलाने के लिए अभियान चला रही है, वहीं दूसरी ओर राजसमंद जिला प्रशासन अतिक्रमणकारियों के आगे घुटने टेकता नजर आ रहा है। इससे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की शिक्षा को लेकर चल रही मुहिम पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।