एप डाउनलोड करें

बुरहानपुर जिला चिकित्सालय को मिला एम.डी. विशेषज्ञ, शाहपुर एवं फोफनार में चिकित्सा अधिकारियों की पदस्थापना

मध्य प्रदेश Published by: paliwalwani Updated Sun, 28 Jun 2026 07:07 PM
विज्ञापन
Follow Us
विज्ञापन

वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Rahat Baig

अर्चना चिटनिस की स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बड़ी सौगात

बुरहानपुर. जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) के सतत प्रयासों एवं प्रदेश सरकार के सकारात्मक सहयोग से बुरहानपुर जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में नव नियुक्त चिकित्सा अधिकारियों की पदस्थापना की गई है।

इनमें जिला चिकित्सालय बुरहानपुर में एम.डी. (मेडिसिन) विशेषज्ञ की पदस्थापना विशेष रूप से उल्लेखनीय है। साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहपुर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फोफनार एवं अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में भी चिकित्सकों की नियुक्ति से स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सशक्त होंगी।

श्रीमती अर्चना चिटनिस के प्रयासों से पूर्व में भी जिला चिकित्सालय सहित जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में लगातार चिकित्सकों की पदस्थापना कराई गई है। इसके साथ ही जिला चिकित्सालय में अनेक नवाचार, आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार, उपचार व्यवस्थाओं का सुदृढ़ीकरण तथा विशेषज्ञ सेवाओं में निरंतर वृद्धि की गई है। परिणामस्वरूप आज जिला चिकित्सालय में मरीजों को पहले की अपेक्षा अधिक गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर उपचार उपलब्ध हो रहा है तथा गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए अन्य शहरों पर निर्भरता भी कम हुई है।

लंबे समय से चिकित्सकों की कमी के कारण विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को उपचार के लिए जिला मुख्यालय अथवा अन्य शहरों का रुख करना पड़ता था। अब नई पदस्थापनाओं से स्थानीय स्तर पर ही बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगी। शाहपुर एवं फोफनार क्षेत्र सहित जिले के हजारों ग्रामीण परिवारों, गर्भवती महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों एवं गंभीर मरीजों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही जिला चिकित्सालय की उपचार क्षमता भी और अधिक मजबूत होगी।

विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का सुदृढ़ीकरण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि जिले में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए शासन स्तर पर लगातार प्रयास किए गए, जिसके सकारात्मक परिणाम आज जिले को प्राप्त हुए हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन नियुक्तियों से जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा तथा आमजन को समय पर, गुणवत्तापूर्ण और सुलभ उपचार उपलब्ध हो सकेगा।

श्रीमती चिटनिस ने प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं उपमुख्यमंत्री तथा स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार प्रदेशभर में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। बुरहानपुर जिले को चिकित्सकों की यह सौगात उसी जनकल्याणकारी सोच का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जिले के विकास और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए उनके प्रयास आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next