कारगिल के 4 वीर योद्धाओं का हुआ भव्य सम्मान
इंदौर. कारगिल विजय दिवस के पावन अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ इंदौर प्रोफेशनल्स द्वारा मनपसंदकम्युनिटी हॉल, न्यू पलासिया में एक विशाल संयुक्त रक्तदान शिविर तथा रोटरी सदस्यों व उनके परिवारों के लिए नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया।
यह शिविर रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3040 के 'पल्स' रक्तदान अभियान एवं एम.जी.एम. मेडिकल कॉलेज के ब्लड सेंटर तथा 'हेल्थ सेंट्रल' के विशेष सहयोग से संपन्न हुआ। इस संयुक्त आयोजन में शहर के सहयोगी रोटरी क्लब-इंदौर चोइथराम, इंदौर सिटी, इंदौर ग्रैंड, इंदौर मेघदूत, इंदौर रॉयल्स, इंदौर विनायकम् एवं रोटरैक्ट क्लब ऑफ इंदौर प्रोफेशनल्स ने भी बढ़-चढ़कर सह-भागिता की।
कार्यक्रम के प्रारंभ में रोटरी क्लब ऑफ इंदौर प्रोफेशनल्स के कम्युनिटी सर्विस मेंटर रोटेरियन रिंकेश शाह एवं डायरेक्टर्स रोटेरियन हरप्रीत ओबेरॉय एवं रोटेरियन डॉ. अरविंद रघुवंशी ने सभी अतिथियों एवं गणमान्य नागरिकों का आत्मीय स्वागत किया। समारोह के मुख्य अतिथि इंदौर के महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव रहे। उन्होंने रोटरी क्लब ऑफ इंदौर प्रोफेशनल्स द्वारा चलाए जा रहे समाजोपयोगी सेवा प्रकल्पों की भूरि-भूरि प्रशंसा की और क्लब की पर्यावरण संरक्षण पहल 'पर्यावरण मित्र' की विशेष रूप से सराहना करते हुए इसे शहर के लिए एक अनुकरणीय प्रयास बताया।
समारोह के दौरान कारगिल युद्ध में अदम्य साहस दिखाने वाले 4 वीर योद्धाओं - सूबेदार मेजर अवधेश, नायब सूबेदार बृजलाल पटेल, नायब सूबेदार आर. के. सिंह एवं कर्नल निषित माथुर को महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव, क्लब अध्यक्ष प्रियांकी माहेश्वरी एवं सचिव अनुराग सिंघाई द्वारा शॉलन व स्मृति चिह्न भेंट कर भावभीना सम्मान (Felicitation) किया गया। इस अवसर पर कर्नल निषित माथुर (डायरेक्टर - पीस एंड कॉन्फ्लिक्ट रेजोल्यूशन) ने कारगिल युद्ध की विषम परिस्थितियों और भारतीय सेना द्वारा दुर्गम पहाड़ियों पर असंभव को संभव बनाकर विजय हासिल करने की शौर्यगाथा साझा की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्लब अध्यक्ष रोटेरियन प्रियांकी माहेश्वरी ने कहा कि आज का दिन देश के वीर जवानों के त्याग और समर्पण को नमन करने का दिन है और हम उन अमर शहीदों व शूरवीरों की स्मृति में रक्तदान कर रहे हैं, जिन्होंने हमारी सुरक्षा के लिए अपना रक्त बहाया है। डिस्ट्रिक्ट रोटरी फाउंडेशन चेयरमैन (PDG) रोटेरियन नितिन दफरिया ने रोटरी क्लब ऑफ इंदौर प्रोफेशनल्स द्वारा आगामी वर्ष भर के लिए योजनाबद्ध किए गए कई बड़े सेवा प्रकल्पों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की।
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में सेंट्रल लैब की डायरेक्टर डॉ. विनीता कोठारी, डॉ. संजय लोंढे, रोटरी DGN रोटेरियन सुखदेव सिंह घुम्मन एवं डिस्ट्रिक्ट पब्लिक इमेज हेड रोटेरियन घनश्याम सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। सहयोगी रोटरी क्लबों की ओर से अध्यक्ष व सचिव रोटेरियन अश्विनी वैद्य, रोटेरियन विनय गुप्ता, रोटेरियन विनोद वर्मा, रोटेरियन अरविंद गौर, रोटेरियन दिनेश पांचाल एवं रोटेरियन जगप्रीत टुटेजा भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। कार्यक्रम का सफल व प्रभावी संचालन क्लब के पब्लिक इमेज डायरेक्टर अखिलेश खंडेलवाल ने किया तथा आभार प्रदर्शन क्लब सचिव अनुराग सिंघाई द्वारा व्यक्त किया गया।