इंदौर. कांग्रेस के मध्य प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के छोटे भाई कुलभूषण उर्फ नाना पटवारी को इंदौर पुलिस ने ड्रग सप्लाई से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, एक ड्रग सप्लायर से पूछताछ के दौरान नाना पटवारी का नाम सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई। गुरुवार दोपहर राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया और पूछताछ के लिए अज्ञात स्थान पर ले गई।
गिरफ्तारी की सूचना मिलने के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने अपने कानूनी सलाहकारों से चर्चा की। वहीं, कांग्रेस ने इस कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध करार देते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज दबाने के उद्देश्य से सरकार इस तरह की कार्रवाई कर रही है।
साल 2025 में इंदौर के तेजाजी नगर थाने में नाना पटवारी और उनके दो सहयोगियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। शिकायतकर्ता नरेंद्र मेहता ने आरोप लगाया था कि उनकी जमीन पर धोखाधड़ी कर कब्जा करने का प्रयास किया गया। विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।
जुलाई 2018 में इंदौर निवासी 37 वर्षीय खुशी कूलवाल ने महालक्ष्मी नगर स्थित अपने फ्लैट में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। जांच के दौरान पुलिस ने उनके करीबी लोगों से पूछताछ की थी, जिसमें कुलभूषण उर्फ नाना पटवारी का नाम भी सामने आया था। हालांकि, उस समय पूछताछ के बाद उनके खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई थी।
वर्ष 2025 में यह मामला एक बार फिर चर्चा में आया, जब पुलिस ने ड्रग कनेक्शन सहित अन्य पहलुओं को लेकर जांच शुरू की। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हाई-प्रोफाइल पार्टियों, ड्रग नेटवर्क और खुशी कूलवाल के संपर्कों के बीच कोई संबंध था या नहीं। साथ ही आत्महत्या से पहले की परिस्थितियों और संबंधित लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।