इंदौर. विश्व प्रीमैच्योरिटी डे के अवसर पर आयु फाउंडेशन और अंकुरा हॉस्पिटल फॉर वुमेन एंड चिल्ड्रन द्वारा आयोजित 5 किलोमीटर की वॉक में इंदौर के सैकड़ों लोगों और परिवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस पहल का उद्देश्य समय से पहले जन्म लेने वाले शिशुओं (प्रीमैच्योर बेबीज) के प्रति जागरूकता बढ़ाना, उनकी क्षमताओं और संभावनाओं को सामने लाना तथा समय पर विशेषज्ञ नवजात शिशु चिकित्सा और देखभाल के महत्व को दर्शाना था।
इस अवसर पर ज्वाला ऑर्गेनाइजेशन की फाउंडर डॉ. दिव्या गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुई और प्रतिभागियों के साथ इस जागरूकता अभियान का समर्थन किया और साथ ही अंकुरा हॉस्पिटल इंदौर के मडिकल डायरेक्टर डॉ. पारितोष आनंद भी उपस्थित रहेl
विश्व प्रीमैच्योरिटी डे पर 5 किलोमीटर की वॉक में सैकड़ों लोगों और परिवारों ने लिया हिस्सा
इस मौके पर अंकुरा हॉस्पिटल फॉर वुमेन एंड चिल्ड्रन के सीनियर कंसल्टेंट नियोनेटोलॉजिस्ट डॉ. जफ़र खान एवं डॉ. प्रज्ञा दुबे ने कहा, "प्रीमैच्योर शिशु वे होते हैं, जिनका जन्म गर्भावस्था के 37 सप्ताह पूरे होने से पहले हो जाता है। हालांकि इनका जन्म निर्धारित समय से पहले होता है, लेकिन इनमें अपार संभावनाएं होती हैं। समय पर चिकित्सा, नियोनेटोलॉजिस्ट और कुशल देखभाल टीम की विशेष निगरानी के साथ सही एनआईसीयू सुविधाएं इन शिशुओं को शुरुआती चुनौतियों से उबरने और विकास के महत्वपूर्ण पड़ाव हासिल करने में अहम भूमिका निभाती हैं।"
इस वर्ष आयोजित वॉक के माध्यम से अंकुरा ने प्रीमैच्योर शिशुओं की क्षमताओं और संभावनाओं का संदेश आगे बढ़ाया। साथ ही, समय से पहले जन्म को लेकर समाज में मौजूद डर, गलत धारणाओं और रूढ़ियों को दूर करने का प्रयास किया।
अंकुरा के फाउंडर एवं मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. कृष्ण प्रसाद राव वुन्नम ने कहा, "समय से पहले जन्म आज भी स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण चिंता का विषय है। इन शिशुओं के लिए समय पर चिकित्सा सुविधा और उपलब्ध सहायता के प्रति जागरूकता बढ़ाना बेहद जरूरी है। प्रीमीथॉन के माध्यम से हमारा प्रयास है कि इस विषय पर होने वाली चर्चा अस्पतालों की सीमाओं से बाहर निकले और समाज के लोग हर प्रीमैच्योर शिशु के बेहतर भविष्य के समर्थन में एकजुट हों।"
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) और यूनिसेफ के नवीनतम वैश्विक अनुमानों के अनुसार, भारत में लगभग 30.2 लाख शिशुओं का जन्म समय से पहले हुआ, जो दुनिया में सबसे अधिक है। प्रीमीथॉन जैसी पहल समय से पहले जन्म को लेकर सही जानकारी और जागरूकता के साथ संवाद को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इनका उद्देश्य इस संदेश को मजबूत करना है कि किसी बच्चे का जन्म समय से पहले होना उसके भविष्य और जीवन में हासिल की जाने वाली उपलब्धियों को निर्धारित नहीं करता।..