पत्रकार बीमा योजना में गैर-अधिमान्य पत्रकारों की पात्रता पूर्व की भांति प्रत्येक जिले के आधार पर निर्धारित करने एवं वर्तमान नियमों में संशोधन की मांग
राजेश जैन दद्दू
इंदौर. ऑल इंडिया जैन जर्नलिस्ट एसोसिएशन (AIJJA) मध्यप्रदेश ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर पत्रकार बीमा योजना में गैर-अधिमान्य पत्रकारों की पात्रता को पूर्व की भांति प्रत्येक जिले के आधार पर निर्धारित करने एवं वर्तमान नियमों में आवश्यक संशोधन किए जाने की मांग की है।
आईजा के राजेश जैन दद्दू ने बताया कि एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रदीप बाफना ने दिनांक 23 नवम्बर 2026 को इंदौर से यह ज्ञापन प्रेषित किया है, जिसकी प्रतिलिपि मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव जनसंपर्क विभाग, आयुक्त जनसंपर्क, संचालक जनसंपर्क संचालनालय, मुख्यमंत्री कार्यालय एवं मुख्यमंत्री के जनसंपर्क अधिकारी को भी भेजी गई है।
ज्ञापन में कहा गया है कि मध्यप्रदेश शासन द्वारा संचालित पत्रकार बीमा योजना प्रदेश के पत्रकारों को सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने की एक महत्वपूर्ण कल्याणकारी योजना है। इस योजना के माध्यम से लंबे समय से प्रदेश के अधिमान्य एवं गैर-अधिमान्य पत्रकार लाभान्वित होते रहे हैं। किन्तु वर्तमान वर्ष में पत्रकार बीमा योजना के अंतर्गत गैर-अधिमान्य पत्रकारों की पात्रता के संबंध में सरकार ने नए नियम लागू किए गए हैं, जिससे प्रदेश के हजारों पत्रकारों के सामने असमंजस एवं चिंता की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
वर्तमान पात्रता संबंधी प्रावधानों में दैनिक समाचार पत्र के द्वार- समाचार पत्र, पाक्षिक, मासिक समाचार पत्र एवं पत्रिकाओं और वेब मीडिया के दो-दो प्रतिनिधियों को पात्रता दिए जाने का उल्लेख है, लेकिन इसमें यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि यह निर्धारित संख्या संपूर्ण मध्यप्रदेश के लिए है अथवा प्रत्येक जिले के लिए अलग-अलग लागू होगी, न कि संपूर्ण मध्यप्रदेश के लिए।
माननीय मुख्यमंत्री मोहन यादव जी , यह विषय इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि पिछले लगभग दस वर्षों से अधिक समय से पत्रकार बीमा योजना में जिला स्तर पर पात्रता की व्यवस्था प्रचलित रही है। इस व्यवस्था के अंतर्गत प्रदेश के प्रत्येक जिले में कार्यरत प्रायः गैर-अधिमान्य पत्रकारों को योजना का लाभ प्राप्त करते रहे हैं। वर्तमान नियमों में किए गए बदलाव से यह आशंका उत्पन्न हो गई है कि यदि निर्धारित संख्या पूरे प्रदेश के लिए लागू की जाती है, तो प्रदेश के अनेक जिलों में वर्षों से पत्रकारिता कर रहे सक्रिय एवं पात्र पत्रकार योजना के लाभ से वंचित हो जाएंगे, साथ ही जिला स्तर पर कार्यरत पत्रकारों के लिए यह स्थिति अत्यंत निराशाजनक तथा सामाजिक और आर्थिक दृष्टि से प्रतिकूल होगी।
यह भी उल्लेखनीय है कि गैर-अधिमान्य पत्रकारों को समाचार पत्र संस्थानों द्वारा सामान्यतः कोई नियमित वेतन अथवा मानदेय प्रदान नहीं किया जाता है। इसके बावजूद वे जनहित, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण दायित्व निभाते हैं।
कई बार विपरीत परिस्थितियों में भी पत्रकार अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। ऐसे में पत्रकारों की सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी बीमा योजना से पात्रता सीमित होना उन्हें हित में प्रभावित होना उचित नहीं है। हमारा उद्देश्य शासन के समक्ष किसी प्रकार का विरोध दर्ज कराना नहीं, बल्कि पूर्व से चली आ रही व्यवस्था को बनाए रखने और पत्रकारों के साथ न्याय सुनिश्चित कराने का है।
एसोसिएशन ने पत्रकार हितों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री से मांग की है कि गैर-अधिमान्य पत्रकारों की पात्रता पूर्व की भांति प्रत्येक जिले के आधार पर निर्धारित की जाए, वर्तमान पात्रता नियमों में स्पष्ट किया जाए कि निर्धारित प्रतिनिधियों की संख्या प्रत्येक जिले के लिए अलग-अलग लागू होगी, न कि संपूर्ण मध्यप्रदेश के लिए, पत्रकार बीमा योजना में वर्तमान वर्ष हेतु गैर-अधिमान्य पत्रकारों की संख्या बढ़ाकर प्रत्येक जिले के अनुरूप आवश्यक सुधार किए जाएं, प्रदेश के सभी जिलों में कार्यरत पात्र एवं सक्रिय गैर-अधिमान्य पत्रकारों को बीमा योजना का लाभ प्राप्त करने का समान अवसर दिया जाए और इस संबंध में जनसंपर्क विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर पूर्व की जिला स्तरीय पात्रता व्यवस्था को बहाल किया जाए।