एप डाउनलोड करें

'कोई हिंसा नहीं, पुलिसकर्मियों के लिए फूल और किताब' : 'कॉकरोच जनता पार्टी' का बड़ा प्रदर्शन खत्म

दिल्ली Published by: paliwalwani Updated Sun, 07 Jun 2026 12:30 AM
विज्ञापन
Follow Us
विज्ञापन

वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दिल्ली. कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने 6 जून 2026 आज दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक बड़े विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है. यह संगठन पहली बार इस स्तर पर जंतर-मंतर में बड़ा पब्लिक प्रोग्राम कार्यक्रम करने जा रहा है. पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके सुबह 8 बजे अमेरिका से दिल्ली पहुंचने वाले हैं. उनका कहना है कि प्रदर्शन शुरू होने से पहले वह पुलिस से जरूरी अनुमति और औपचारिक प्रक्रिया पूरी करेंगे. इसके बाद सुबह 9 बजे जंतर-मंतर पर प्रदर्शन शुरू करने की योजना है.

'कॉकरोच जनता पार्टी'  के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर 2 करोड़ से अधिक फॉलोअर्स हैं. ऐसे में यह देखने वाली बात होगी कि इस प्रदर्शन में कितनी संख्या में लोग शामिल होते हैं. पार्टी का कहना है कि देश की शिक्षा व्यवस्था ने एक करोड़ से अधिक छात्रों को निराश किया है और उनके भविष्य को लेकर चिंता बढ़ा दी है. संगठन ने नीट पेपर लीक मामले से जुड़ी कथित गड़बड़ियों का भी उल्लेख किया है. इसके साथ ही हाल में हुई CBSE परीक्षाओं और OSM से जुड़े मुद्दों पर भी चिंता जताई गई है.

प्रदर्शन सभी लोगों के लिए- 'कॉकरोच जनता पार्टी' 

'कॉकरोच जनता पार्टी' ने पहले ही स्पष्ट किया था कि यह प्रदर्शन सभी लोगों के लिए खुला रहेगा, चाहे उनका किसी भी राजनीतिक दल से संबंध हो. संगठन ने देशभर के छात्रों, उनके अभिभावकों और युवाओं से शांतिपूर्ण तरीके से इस आंदोलन में शामिल होने की अपील की है. प्रदर्शन से एक दिन पहले CJP के प्रवक्ता आशुतोष रांका और वरुण दास ने एक वीडियो जारी किया. उन्होंने कहा कि अब वह दिन आ गया है जब लोग जंतर-मंतर पर जमा होकर शिक्षा व्यवस्था में बदलाव की मांग करेंगे. उन्होंने कहा कि उनका मकसद लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखना है ताकि उनकी आवाज को नजरअंदाज न किया जाए.

'कॉकरोच जनता पार्टी' की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील

'कॉकरोच जनता पार्टी' के प्रवक्ता आशुतोष रांका और वरुण दास ने बताया कि अभिजीत दीपके पहले एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से पुलिस से सहयोग और आवश्यक अनुमति मांगेंगे. सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करने के बाद वे जंतर-मंतर जाएंगे और शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराएंगे. उन्होंने कहा कि यह आंदोलन पूरी तरह लोकतांत्रिक, शांतिपूर्ण और सद्भावना के साथ किया जाएगा.

'कॉकरोच जनता पार्टी' के नेताओं ने यह भी कहा कि देश में छात्र परेशान हैं और पिछले एक महीने में छह छात्रों द्वारा आत्महत्या किए जाने का जिक्र करते हुए उन्होंने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने की मांग की. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की कि शिक्षा व्यवस्था में लोगों का भरोसा वापस लाने के लिए इस विषय पर कदम उठाया जाए.

'कॉकरोच जनता पार्टी' ने अपने समर्थकों से विशेष रूप से कहा है कि किसी भी तरह की हिंसा में शामिल न हों. यदि कोई शरारती तत्व माहौल खराब करने की कोशिश करे तो उसका वीडियो बनाकर तुरंत दिल्ली पुलिस को जानकारी दें. पार्टी ने दोहराया कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा. यह प्रदर्शन 6 जून को सुबह 9 बजे दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट इलाके में स्थित जंतर-मंतर पर आयोजित किया जाना है. CJP की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, प्रतिभागियों को पहले पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन के पास एकत्र होने की सलाह दी गई है.

दिल्ली पुलिस ने CJP के प्रदर्शन पर क्या कहा?

दिल्ली पुलिस ने कहा है कि प्रस्तावित प्रदर्शन के लिए अभी तक CJP की ओर से कोई औपचारिक अनुमति आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार उन्हें इस कार्यक्रम की जानकारी मुख्य रूप से सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से मिली है. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए केंद्रीय दिल्ली में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है.

प्रदर्शन में शामिल के लिए दिशा निर्देश

'कॉकरोच जनता पार्टी' ने प्रदर्शन में शामिल होने वालों के लिए कुछ दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं. संगठन ने लोगों से राष्ट्रीय ध्वज और एक पुस्तक साथ लाने, सभी गतिविधियों को रिकॉर्ड करने, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को देने तथा गर्मी से बचने के लिए पर्याप्त पानी पीने, सनस्क्रीन लगाने और टोपी पहनने की सलाह दी है. साथ ही कहा गया है कि यदि संभव हो तो अकेले न आएं, किसी भी उकसावे या विवाद में न पड़ें और भूखे पेट प्रदर्शन में शामिल न हों.

  1. 'कोई हिंसा नहीं, पुलिसकर्मियों के लिए फूल और किताब' : 'कॉकरोच जनता पार्टी' का बड़ा प्रदर्शन खत्म
  2. दिल्ली के जंतर-मंतर पर 'कॉकरोच जनता पार्टी'  का बड़ा प्रदर्शन खत्म! सरकार को 7 दिन का अल्टीमेटम, हजारों युवाओं की मौजूदगी 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next