एप डाउनलोड करें

पति ने बैटरी से कूचा बीवी का सिर, हत्या के बाद जहर खाकर जान दी

अपराध Published by: paliwalwani Updated Sun, 05 Jul 2026 11:38 PM
विज्ञापन
Follow Us
विज्ञापन

वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नई दिल्ली. देश की राजधानी दिल्ली (Delhi) के रनहोला थाना इलाके से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां तिलकपुर कोटला गांव में घरेलू विवाद के चलते एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी और उसके बाद खुद भी जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को 2 जुलाई 2026 को डीडी नंबर 119A के जरिए इस खौफनाक वारदात की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची।

पांच साल पहले हुई थी निशा और विनय की शादी

पुलिस जब घटनास्थल यानी तिलकपुर कोटला गांव में ग्राउंड फ्लोर पर बने एक किराए के कमरे में दाखिल हुई, तो वहां करीब 23-24 साल की निशा नाम की महिला लहूलुहान और गंभीर हालत में तड़पती हुई मिली। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला कि निशा की शादी करीब 4 से 5 साल पहले विनय नाम के युवक से हुई थी। दोनों की तीन साल की एक मासूम बेटी भी है। यह परिवार पिछले 6-7 महीनों से इस मकान में किराए पर रह रहा था और विनय उत्तम नगर इलाके में एक प्राइवेट नौकरी करता था।

बैटरी से किया सिर पर ताबड़तोड़ वार

वारदात वाले दिन विनय का अपनी पत्नी निशा से इस बात को लेकर झगड़ा हुआ था कि वह फोन पर किसी से बात कर रही थी। गुस्से में आकर विनय ने कमरे में रखी एक भारी ‘एक्साइड बैटरी’ से निशा के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पत्नी को मरणासन्न हालत में छोड़ने के बाद विनय ने खुद भी सल्फास (एल्युमिनियम फॉस्फाइड) की गोलियां खा लीं। इसके बाद वह अपनी तीन साल की बेटी को लेकर अपनी मां के किराए के कमरे पर चला गया, जो वहां से महज 150 गज की दूरी पर कोटला विहार फेज-1 में स्थित है।

विनय ने मरने से पहले बहन को बताई पूरी कहानी

वहां पहुंचकर विनय ने अपनी बहन प्रिया को पूरी सच्चाई बताई। उसने कहा कि शाम करीब 6:00 बजे उसने अपनी पत्नी निशा की हत्या कर दी है क्योंकि वह किसी से फोन पर बात कर रही थी और अब उसने खुद भी सल्फास खा लिया है। उसने प्रिया से तुरंत जाकर निशा को देखने को कहा। जब प्रिया घबराकर निशा के कमरे पर पहुंची, तो वहां का मंजर देखकर उसके होश उड़ गए। निशा खून से लथपथ पड़ी थी। प्रिया के शोर मचाने और भागने पर पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को कॉल किया।

पति-पत्नी दोनों ने तोड़ा दम

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पीड़ित निशा और आरोपी विनय दोनों को तुरंत संजय गांधी मेमोरियल हॉस्पिटल, मंगोलपुरी पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने निशा को देखते ही मृत घोषित कर दिया, जबकि 28 वर्षीय आरोपी विनय ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिए हैं। इस मामले में रन्होला पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत एफआईआर नंबर 435/26 दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next