सुरेश चन्द्र मेघवंशी...✍️
भीलवाड़ा. राजस्थान की राजनीति में अपनी अलग पहचान रखने वाले भीलवाड़ा जिले को अक्सर ‘मिनी नागपुर’ कहा जाता है। भाजपा का मजबूत गढ़ माने जाने वाले इस जिले में पंचायती राज चुनाव के नतीजों ने राजनीतिक समीकरणों को पूरी तरह बदलकर रख दिया है। लोकसभा और विधानसभा चुनावों में शानदार प्रदर्शन करने वाली भाजपा को गांवों की सरकार बनाने के चुनाव में करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा है। वहीं कांग्रेस ने शानदार वापसी करते हुए ग्रामीण राजनीति में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है
16 में से 13 पंचायत समितियों पर कांग्रेस का कब्जा
पंचायती राज चुनाव की तस्वीर साफ होने के बाद सामने आए आंकड़े भाजपा के लिए किसी बड़े राजनीतिक झटके से कम नहीं हैं। भीलवाड़ा जिले की कुल 16 पंचायत समितियों में से कांग्रेस ने 13 पर जीत हासिल की, जबकि भाजपा मात्र 3 पंचायत समितियों तक सिमटकर रह गई।
पंचायत समिति के कुल 288 सदस्यों के चुनाव में कांग्रेस के 168 प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की, जबकि भाजपा के 108 प्रत्याशी ही जीत की दहलीज पार कर सके। वहीं 10 निर्दलीय और आरएलपी के 2 प्रत्याशियों ने भी जीत हासिल की।
जिला परिषद में भी कांग्रेस का स्पष्ट बहुमत
जिला परिषद चुनाव के परिणामों ने भी भाजपा की चिंता बढ़ा दी है। कुल 45 जिला परिषद सदस्यों में कांग्रेस ने 31 सीटों पर शानदार जीत दर्ज की, जबकि भाजपा को मात्र 14 सीटों से संतोष करना पड़ा। इन नतीजों ने साफ कर दिया कि ग्रामीण मतदाताओं के बीच इस बार कांग्रेस को व्यापक समर्थन मिला है।
रामलाल जाट की रणनीति के आगे भाजपा का सियासी गणित फेल!
इस चुनाव में सबसे ज्यादा चर्चा कांग्रेस के भीलवाड़ा देहात जिला अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री रामलाल जाट की रणनीति की हो रही है। लंबे समय से सुस्त पड़े कांग्रेस संगठन में नई ऊर्जा भरने का श्रेय उन्हें दिया जा रहा है।
टिकट वितरण से लेकर प्रत्याशियों के चयन और चुनाव प्रचार तक रामलाल जाट ने खुद मोर्चा संभाला। संगठन के कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना, ग्रामीण क्षेत्रों में चुनावी समीकरणों को समझना और मजबूत प्रत्याशियों को मैदान में उतारना कांग्रेस के पक्ष में जाता दिखाई दिया।
यही वजह रही कि जिस जिले में भाजपा अपनी मजबूत राजनीतिक पकड़ का दावा करती रही, वहीं कांग्रेस ने अप्रत्याशित रूप से शानदार प्रदर्शन कर भाजपा की चुनावी रणनीति पर सवाल खड़े कर दिए।
भाजपा के दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर थी
इस चुनाव में भाजपा के जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, सांसद दामोदर अग्रवाल सहित जिले के छह भाजपा विधायकों की राजनीतिक प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी हुई थी। शहरी निकाय चुनावों में शानदार प्रदर्शन के बाद भाजपा को ग्रामीण क्षेत्रों में भी बेहतर नतीजों की उम्मीद थी, लेकिन पंचायत चुनावों के परिणाम इसके ठीक उलट रहे।
अब सवाल यह है कि आखिर भाजपा की रणनीति में कहां कमी रह गई? क्या टिकट वितरण में असंतोष रहा, क्या स्थानीय कार्यकर्ताओं की नाराजगी भारी पड़ी या फिर लगातार जीत के बाद संगठन के भीतर बढ़ा आत्मविश्वास ही कमजोरी बन गया?
धर्म के नारों से नहीं, जनता के मुद्दों से बनेगी गांवों में पकड़
इन चुनाव परिणामों ने भाजपा के लिए एक बड़ा राजनीतिक संदेश दिया है। केवल धार्मिक नारों और राष्ट्रीय मुद्दों के सहारे ग्रामीण मतदाताओं का भरोसा हमेशा कायम नहीं रखा जा सकता। गांवों में सड़क, पानी, बिजली, शिक्षा, चिकित्सा, रोजगार और स्थानीय समस्याएं भी मतदाता के फैसले को प्रभावित करती हैं।
भाजपा नेतृत्व को अब ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर कार्यकर्ताओं की नाराजगी समझनी होगी। संगठन को मजबूत करने के साथ आम जनता के बीच अपनी जवाबदेही भी साबित करनी होगी।
आने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस को मिला संजीवनी संदेश
भीलवाड़ा के पंचायत चुनाव परिणाम कांग्रेस के लिए नई राजनीतिक ऊर्जा लेकर आए हैं। 16 में से 13 पंचायत समितियों और जिला परिषद की 45 में से 31 सीटों पर जीत ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा किया है।
हालांकि पंचायत चुनाव के नतीजों को सीधे विधानसभा चुनाव का परिणाम मानना जल्दबाजी होगी, लेकिन इतना तय है कि भाजपा के लिए ये नतीजे आत्ममंथन का बड़ा अवसर हैं और कांग्रेस के लिए अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन वापस हासिल करने का मजबूत संकेत।
सियासत का संदेश साफ हैकृजनता का जनादेश सर्वाेपरि है। सत्ता का आत्मविश्वास अगर अहंकार में बदल जाए तो मजबूत से मजबूत राजनीतिक किला भी ढह सकता है। भीलवाड़ा की गांवों की सरकार ने फिलहाल भाजपा को यही संदेश दिया है कि राजनीति में कोई भी जीत स्थायी नहीं होती और जनता के बीच लगातार बने रहना ही असली ताकत है।
✍️ सुरेश चन्द्र मेघवंशी पत्रकार M. 9680425516